राज्य
01-May-2026


पर्यटन विभाग और भाजपा सरकार भी जिम्मेदार - माकपा भोपाल(ईएमएस)। बरगी बाँध में क्रूज के डूबने से हुए हादसे और मासूमों की मौत के लिए पर्यटन विभाग, भ्रष्टाचार और भाजपा सरकार की लापरवाही व भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने की नीति भी जिम्मेदार हैl मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने उक्त बयान जारी करते हुए कहा है कि मोटर वीइकल एक्ट के अनुसार 15 वर्ष पुराने वाहन का न तो पंजीयन होता है और पंजीकृत वाहनों का पंजीयन समाप्त कर दिया जाता हैl तब यह प्रश्न खड़ा होता है कि 2005 से बरगी बाँध में बोटिंग के समय से यही क्रूज क्यों चल रहा था और इसकी इजाजत कौन दे रहा था? इसके साथ ही यह जानकारी भी सार्वजनिक होनी चाहिए कि आखिरी बार इस क्रूज को फिटनेस प्रमाणपत्र कब मिला थाl साथ ही इसकी समय समय पर जांच और मरम्मत होती थी या नहींl माकपा नेता ने कहा है कि बिना सुरक्षा जैकेट के पर्यटकों को इतने गहरे बाँध में बोटिंग करवाना कानूनन अपराध है, फिर भी यदि कई क्रूज यात्री बिना सुरक्षा जैकेट के क्रूज में सवार थे तो यह कोई समान्य चूक नहीं हैl यह लम्बे समय से हो रहा होगाl इसकी भी गंभीरता से जांच होनी चाहिएl जसविंदर सिंह ने कहा है कि भाजपा सरकार की नज़रों में सारे इंसानों की कीमत भी एक नहीं हैl जब भाजपा को राजनीतिक फायदा उठाना होता है तो इस तरह के हादसे पर मुआवजा एक करोड़ रुपये दिया जाता है और जब राजनीतिक फायदे के हालात न हों, तब चार लाख मुआवजा घोषित कर मृतकों के परिजनों के जख्मों पर नमक छिड़का जाता हैl मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने मृतकों के परिजनों को एक करोड़ का मुआवजा और घायलों को 10 लाख रुपए की क्षतिपूर्ति देने के साथ ही इस हादसे की जांच कर दोषियों को दण्डित करने की मांग की हैI हरि प्रसाद पाल / 01 मई, 2026