राज्य
01-May-2026


वडोदरा (ईएमएस)| जिले के वाघोडिया तालुका के राजपुरा गांव के पास से गुजर रही नर्मदा मुख्य नहर में एक 22 वर्षीय युवक के कूदने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्रसिंह चावड़ा नामक युवक बीती रात अपने घर से बाइक लेकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। घटना का खुलासा तब हुआ जब राजपुरा के पास नर्मदा नहर के किनारे युवक की बाइक लावारिस हालत में मिली। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। प्राथमिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए हालोल और वडोदरा फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। फायर ब्रिगेड के जवानों और तैराकों द्वारा नहर के गहरे पानी में युवक की तलाश के लिए सघन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। नहर में तेज जल प्रवाह के कारण खोज अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, फिर भी प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना से युवक के परिवार में गहरा शोक व्याप्त है और पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल है। सतीश/01 मई