राज्य
01-May-2026


ग्राम मनेसिया में श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ कल्पवृक्ष पूजन कार्यक्रम सागर(ईएमएस)। ग्राम मनेसिया में विचार समिति द्वारा आयोजित विचार संस्कार विद्यालय के पास हनुमान मंदिर परिसर में कल्पवृक्ष का पौधा चार साल पहले लगाया था जो अब आठ फुट का हो गया है। इस पौधे की गांव के लोगों के साथ मिलकर पूजन कार्यक्रम श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में गांववासियों ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया। विचार समिति अध्यक्ष कपिल मलैया ने कहा कि कल्पवृक्ष केवल आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह हमारी प्राचीन संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देता है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और प्रकृति के संरक्षण का आह्वान किया। आज के समय में पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक है और ऐसे आयोजन समाज को जागरूक करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि कल्पवृक्ष सकारात्मक ऊर्जा और प्रकृति के संतुलन का प्रतीक है। कल्पवृक्ष भारतीय संस्कृति और पौराणिक परंपरा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण और दिव्य वृक्ष माना जाता है। इसे इच्छा पूर्ति करने वाला वृक्ष कहा जाता है, विचार समिति के मार्गदर्शक शफीक खान ने बताया कि मान्यता है कि कल्पवृक्ष की छाया में की गई सच्ची और सकारात्मक इच्छाएं पूर्ण होती हैं। यह वृक्ष सकारात्मक ऊर्जा, समृद्धि और सुख-शांति का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक दृष्टि से इसे स्वर्गलोक का वृक्ष बताया गया है, जो जीवन में आशा और विश्वास जगाता है। साथ ही यह पर्यावरण संरक्षण, शुद्ध वायु और जैव विविधता बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यकारी अध्यक्ष सुनीता अरिहंत ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक सोच और एकता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कल्पवृक्ष को संस्कृति का अहम हिस्सा बताते हुए प्रकृति के प्रति जागरूक रहने की बात कही। इस अवसर पर कुंदन लाल रिछारिया, राम राय, नंदलाल पटैल, रामलाल रावत, बद्री प्रसाद गौर, कैलाश गौर, संतोष चढ़ार, सुरेन्द्र राय, विचार संस्कार विद्यालय की प्राचार्य साक्षी दांगी, शिक्षक खुशबू चढ़ार, माधव यादव, राहुल अहिरवार, एवं ग्रामवासी उपस्थित थे। हरि प्रसाद पाल / 01 मई, 2026