-10 रुपये तक पेट्रोल-डीजल तो 100 रुपये तक रसोई गैस बढ़ने के आसार -कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और वैश्विक तनाव के बीच सरकार कर रही समीक्षा नई दिल्ली,(ईएमएस)। देश में आम उपभोक्ताओं पर महंगाई की मार अब और ज्यादा पड़ने की आशंका है। सूत्रों के अनुसार, सरकार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 5 से 10 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी पर विचार कर रही है। इसके साथ ही घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी लगभग 50 से 100 रुपये तक का इजाफा संभव है। यह संभावित बढ़ोतरी ऐसे समय में सामने आई है, जब 1 मई से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 994 रुपये की भारी वृद्धि दर्ज की गई है। सूत्रों के अनुसार इसके बाद अब घरेलू रसोई गैस की कीमतों की समीक्षा की जा रही है। मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तेजी इस फैसले के पीछे मुख्य कारण है। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के चलते कच्चे तेल की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं, जिससे आयात पर निर्भर देशों की लागत बढ़ गई है। सरकार का मानना है कि तेल विपणन कंपनियों पर बढ़ते वित्तीय बोझ को कम करने के लिए कीमतों में संशोधन जरूरी हो सकता है। यदि यह फैसला लागू होता है, तो एक तरफ जहां गृहणियों का बजट बिगड़ेगा वहीं इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा और परिवहन लागत बढ़ने से अन्य वस्तुओं के दाम भी आसमान छूने में देर नहीं लगाएंगे। वैसे फिलहाल इसे अंतिम जामा नहीं पहनाया गया है, लेकिन कहा तो यही जा रहा है कि कमर्शियल गैसे सिलेंडर के दाम बढ़ने के बाद रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ना कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी। हालांकि, अंतिम निर्णय अभी नहीं लिया गया है और सरकार बाजार की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। हिदायत/ईएमएस 01मई26