राष्ट्रीय
01-May-2026


-सेना, पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर; रेस्क्यू ऑपरेशन तेज जम्मू,(ईएमएस)। जम्मू जिले के बंतलाब-ठथर इलाके में शुक्रवार शाम एक निर्माणाधीन पुल का पिलर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। घटना करीब शाम 4 बजे उस समय हुई, जब पुल का एक हिस्सा अचानक ढह गया और वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार 4 से 6 मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू करने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। इसके साथ ही बचाव कार्य के लिए भारतीय सेना, जम्मू कश्मीर पुलिस, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमें संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं। मौके पर बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। रेस्क्यू टीमें सावधानीपूर्वक मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक अभी तक प्रभावित मजदूरों की सटीक संख्या की पुष्टि नहीं हो सकी है। हालांकि सभी को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। हिदायत/ईएमएस 01मई26