बलिया (ईएमएस)। यूपी के बलिया जिले में पांच साल की छात्रा से स्कूल में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी प्रधानाचार्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पीड़िता के परिजनों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। तहरीर के मुताबिक सिवानकला स्थित एक स्कूल में 5 साल की छात्रा पढ़ती है। यहां का प्रधानाचार्य फैजूलाह अंसारी काफी समय से छात्रा को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म कर रहा था। ताजा घटनाक्रम के अनुसार वह छात्रा को चॉकलेट देने का लालच देकर स्कूल के शौचालय में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को इसके बारे में बताया। परिजनों ने पुलिस से इस मामले की शिकायत की। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया। इस बारे में सीओ आलोक आलोक गुप्ता ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर आरोपी प्रधानाचार्य फैजूलाह अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। बच्ची को मेडिकल के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है। जितेन्द्र 01 मई 2026