क्षेत्रीय
01-May-2026
...


उल्हासनगर, (ईएमएस)। उल्हासनगर महानगरपालिका में महाराष्ट्र राज्य स्थापना दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। 67वें स्थापना दिवस के तहत महापौर अश्विनी कमलेश निकम के हाथों सुबह 9.15 बजे ध्वजारोहण किया गया। सरकारी निर्णय अनुसार ध्वजारोहण से पहले वंदे मातरम गीत गाया गया। राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए राष्ट्रगान और फिर राज्यगान बजाया गया। मनपा मुख्यालय में राष्ट्रपुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा स्वतंत्रता सेनानियों, उनके परिजनों और उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों का सम्मान किया गया। इस मौके पर महानगरपालिका आयुक्त मनिषा आव्हाले ने भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत ‘स्व-गणना’ की पहल की घोषणा की। अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोजेक्टर के माध्यम से स्व-गणना की प्रक्रिया का प्रदर्शन भी दिखाया गया। आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे डिजिटल माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी करें। उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 पूरी तरह डिजिटल होगी और इसे मोबाइल ऐप व सीएमएमएस पोर्टल के जरिए दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण (1 मई से 15 मई 2026) में नागरिक https://sec.census.gov.in वेबसाइट पर जाकर स्व-गणना कर सकेंगे। दूसरे चरण (16 मई से 14 जून 2026) में स्व-गणना किए गए परिवार की जानकारी गणनाकर्ता के एचएलओ ऐप में दर्ज की जाएगी। 16 मई से 14 जून 2026 तक गणनाकर्ता एवं पर्यवेक्षक घर-घर जाकर 33 प्रश्नों के माध्यम से घर की स्थिति, परिवार की जानकारी, उपलब्ध सुविधाओं एवं संपत्ति के बारे में जानकारी एकत्रित करेंगे। इसमें घर का प्रकार, संरचना, दीवार, छत, फर्श के लिए उपयोग की जाने वाली सामग्री, घर में सदस्यों की संख्या, विवाहित जोड़ों के बारे में जानकारी, परिवार के मुखिया का नाम, लिंग, खान-पान, वाहन एवं अन्य सुविधाओं का विवरण शामिल होगा। उल्हासनगर में इस कार्य के लिए 950 प्रगणक और 159 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। पूरे शहर में 4 चार्ज कार्यालय और 950 घरगणना समूह बनाए गए हैं। समारोह में महापौर अश्विनी कमलेश निकम, उप महापौर अमर गोविंदराम लुंड, नेता प्रतिपक्ष अंजलि चंद्रकांत साल्वे, गट नेता अरुण लक्ष्मण आशान, सुरेखा सुरेश सोनवणे, वरिष्ठ नगरसेवक जमनुदास खूबचंद पुरुस्वानी, मिलिंद (नाना) बागुल, दिलीप दशरथ गायकवाड़, शोभाताई दिनकर जाधव और अन्य गणमान्य उपस्थित थे। साथ ही, मनपा आयुक्त मनीषा अव्हाले (बी.पी.एस.), अतिरिक्त आयुक्त डॉ. धीरज चव्हाण, उपायुक्त डॉ. दीपाली चौगले, उपायुक्त विशाखा मोटघरे, मुख्य लेखा अधिकारी किरण भिलारे, सहायक आयुक्त (1) और जनसंपर्क अधिकारी अंजय साबले, सहायक आयुक्त सलोनी निवकर, अलका पवार, गणेश शिंपी, विशाल कदम, लोक स्वास्थ्य अधिकारी मनीष हिवारे, भंडार विभाग के प्रमुख अंकुश कदम, मुख्य बाजार निरीक्षक विनोद केने और बड़ी संख्या में मनपा कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का सूत्र संचालन सहायक आयुक्त (1) तथा जनसंपर्क अधिकारी अजय साबले तथा शिक्षा विभाग के संसाधन व्यक्ति/विषय विशेषज्ञ भास्कर शिंदे ने किया। संतोष झा- ०१ मई/२०२६/ईएमएस