राज्य
01-May-2026
...


:: 3 से 8 मई तक द्वारकापुरी में होंगे धार्मिक अनुष्ठान, अंतिम दिन शिखर पर फहराएगी ध्वजा :: इंदौर (ईएमएस)। द्वारकापुरी स्थित शीतलनाथ जैन श्वेताम्बर मंदिर के 25वें ध्वजारोहण महोत्सव का आगाज रविवार, 3 मई से होने जा रहा है। छह दिवसीय यह महोत्सव वर्धमान तपोनिधि प्रियदर्शन विजय म.सा., पंयास प्रवर योगरुचि विजय म.सा. एवं नंदीरूचि विजय म.सा. आदिठाणा की पावन निश्रा में आयोजित होगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर समाजजनों में खासा उत्साह है। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय नाहर व सचिव चेतन भंडारी ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ रविवार सुबह 7.30 बजे गुरुदेव के भव्य मंगल प्रवेश सामैया के साथ होगा। मंगल प्रवेश जुलूस सुदामा नगर स्थित सेठी गेट से शुरू होकर मंदिर पहुंचेगा, जिसमें सांसद शंकर लालवानी सहित कई विशिष्टजन शामिल होंगे। 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 8 मई तक प्रतिदिन विभिन्न अनुष्ठान होंगे, जिनमें वीरमणि युवामित्र मंडल और शीतलनाथ महिला मंडल सक्रिय भागीदारी करेंगे। :: एलईडी पर होगी 68 तीर्थों की भावयात्रा :: ट्रस्ट के अमृत मूणत व विनोद कोठारी के अनुसार, महोत्सव के दौरान 4 मई को बड़ी स्नात्र महापूजा व महाचौबीसी होगी। 5 मई को सुबह 7.30 बजे गुरुदेव द्वारा नवकार महामंत्र के 68 अक्षरों पर आधारित 68 तीर्थों की भावयात्रा एलईडी के माध्यम से कराई जाएगी। 6 मई को पार्श्वनाथ भगवान का महापूजन व प्रभु भक्ति होगी, वहीं 7 मई को सिद्धाचल नवाण प्रभारी महापूजन एवं रात्रि में संगीतकार राज मोदी (उज्जैन) द्वारा मणिभद्रवीर की संगीमतय महाआरती व भजन संध्या की प्रस्तुति दी जाएगी। :: 8 मई को मुख्य आयोजन और स्वामी वात्सल्य :: महोत्सव का मुख्य आकर्षण 8 मई को होगा। विधिकर्ता आशीष जैन (जावरा) के निर्देशन में स्नात्र पूजन के पश्चात 70 वेदी पूजन और ध्वजा वरघोड़ा निकाला जाएगा। इसके बाद मंदिर के शिखर पर 25वां ध्वजारोहण संपन्न होगा। समारोह में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, उद्योगपति जयसिंह जैन, दीपक जैन टीनू सहित अनेक अतिथि उपस्थित रहेंगे। ध्वजारोहण के मुख्य लाभार्थी अरुण-संध्या पोरवाल परिवार हैं। उल्लेखनीय है कि इस मंदिर की नींव 24 वर्ष पूर्व आचार्य जयघोष सूरीश्वर म.सा. एवं आचार्य वीररत्न सूरीश्वर म.सा. की निश्रा में रखी गई थी। वर्तमान में यहाँ नवनिर्मित गुरु मंदिर भी आकर्षण का केंद्र है। प्रकाश/01 मई 2026