:: प्रख्यात मोटिवेशनल स्पीकर मनीष वघासिया देंगे खुशहाली के मंत्र, युवाओं और पालकों के बीच बेहतर तालमेल पर होगा जोर :: इंदौर (ईएमएस)। नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने और परिवारों में आपसी सामंजस्य मजबूत करने के उद्देश्य से श्री नवकार परिवार द्वारा संचालित मेघ संस्कार वाटिका के द्वितीय सत्र का भव्य शुभारंभ रविवार, 3 मई को होने जा रहा है। एयरपोर्ट रोड स्थित महावीर बाग में शाम 7.15 बजे से आयोजित इस विशेष सेमिनार की थीम “स्ट्रॉंग फाउंडेशन-हैप्पी फैमिली” रखी गई है। प.पू. आचार्य जिन-हेमचंद्र सागर सूरी म.सा. की प्रेरणा से आयोजित इस कार्यक्रम में गुजरात के प्रख्यात मोटिवेशनल स्पीकर मनीष वघासिया मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। वे बच्चों और अभिभावकों को परिवार में प्रेम, समझ और आपसी विश्वास को गहरा करने के व्यावहारिक सूत्र बताएंगे। संस्कार वाटिका के संरक्षक डॉ. प्रकाश बांगानी, मनोहरलाल जैन और जयंत खाब्या ने बताया कि इस अनूठे आयोजन के लिए अब तक 500 से अधिक बच्चों ने पंजीयन कराया है, जो अपने माता-पिता के साथ सेमिनार में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी और अभिभावकों के बीच के वैचारिक अंतर (जेनरेशन गैप) को कम कर एक मजबूत पारिवारिक नींव तैयार करना है। विनीत मेहता, शुभम पटवा, प्रनेह चौरड़िया और शरद शाह सहित युवाओं की टीम इस आयोजन को सफल बनाने के लिए जुटी हुई है। :: संडे स्टूडेंट सेमिनार 2.0 का आगाज :: नवकार परिवार के महेंद्र गुरुजी व प्रवीण गुरुजी के अनुसार, इसे “संडे स्टूडेंट सेमिनार 2.0” नाम दिया गया है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी मेघ संस्कार वाटिका द्वारा बच्चों के लिए 6 रविवारीय सेमिनार और ऑनलाइन प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं, जिसमें विजेता रहे 125 बच्चों को नकद पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। इस वर्ष भी इसी श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए बच्चों में नैतिक मूल्यों के बीजारोपण और परिवार को जोड़े रखने की दिशा में यह बड़ी पहल की जा रही है। संस्था ने समाज के सभी वर्गों से इस बौद्धिक और संस्कारमयी आयोजन का लाभ लेने की अपील की है। प्रकाश/01 मई 2026