राज्य
01-May-2026
...


:: जी न्यूज नई दिल्ली के ख्यात एंकर और वरिष्ठ पत्रकार अनंत त्यागी प्रतिभागियों को देंगे प्रशिक्षण :: इंदौर (ईएमएस)। स्टेट प्रेस क्लब, मप्र के बैनर तले पत्रकारों और पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए मीडिया वर्कशॉप का आयोजन शनिवार, 02 मई को अभिनव कला समाज के सभागार में किया जा रहा है। जर्नी ऑफ ए जर्नलिस्ट शीर्षक से आयोजित इस मीडिया वर्कशॉप में जी न्यूज, नई दिल्ली के ख्यात एंकर और वरिष्ठ पत्रकार अनंत त्यागी प्रतिभागियों को पत्रकारिता के गुर सिखाएंगे। श्री त्यागी अपने पत्रकारिता के सफर पर भी प्रकाश डालेंगे। स्टेट प्रेस क्लब, मप्र के अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्कशॉप में विभिन्न पत्रकारिता संस्थानों के विद्यार्थी और पत्रकार साथी शिरकत करेंगे। वर्कशॉप का समय शनिवार, सुबह 10.30 बजे से शाम 04 बजे तक रहेगा। सभी प्रतिभागियों को अंत में अतिथि वक्ता और प्रशिक्षक अनंत त्यागी के हाथों प्रमाण पत्र भी वितरित किए जाएंगे। खारीवाल ने बताया कि मीडिया वर्कशॉप में प्रतिभागियों को पत्रकारिता के बुनियादी पहलुओं से अवगत कराने आ रहे एंकर और वरिष्ठ पत्रकार अनंत त्यागी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पत्रकारिता में एक दशक से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। भारत के संविधान और संसदीय प्रणाली का उन्होंने गहन अध्ययन किया है। कई विधानसभा चुनावों के साथ किसान आंदोलन 2021, अयोध्या राम मंदिर फैसला, दिल्ली दंगे सहित अनेक बहुचर्चित घटनाओं का कवरेज करने में वे अग्रणी रहे हैं। भारत - पाकिस्तान और भारत - चीन के सीमा विवाद और जटिल रिश्तों पर उनकी पैनी नजर रही है। अनंत त्यागी उन चुनिंदा पत्रकारों में शामिल हैं, जिन्होंने पाकिस्तान में इमरान खान सरकार के पतन से लेकर शरीफ परिवार के उदय से जुड़ी हर घटना को कवर किया है। कला - संस्कृति, राजनीति और रक्षा जैसे विषयों पर साधिकार बात करने वाले अनंत त्यागी रिपब्लिक भारत और टाइम्स नाउ जैसे बड़े चैनलों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। फिलहाल जी न्यूज में एंकर और एसोसिएट प्रोड्यूसर के बतौर सेवाएं दे रहे हैं। जी न्यूज के लोकप्रिय कार्यक्रम डीएनए को वे लंबे समय तक होस्ट कर चुके हैं। कई पुरस्कार और सम्मानों से नवाजे गए अनंत त्यागी के अनुभव और अध्ययन का लाभ मीडिया वर्कशॉप में प्रतिभागियों को मिल सकेगा। प्रकाश/01 मई 2026