अंतर्राष्ट्रीय
01-May-2026


बीजिंग (ईएमएस)। वैश्विक व्यापार तनाव के बीच चीन ने अफ्रीकी देशों के लिए बड़ा कदम उठाते हुए अपने बाजार को शून्य शुल्क के साथ खोल दिया है। इस नई नीति के तहत अफ्रीका के 54 में से 53 देशों को चीन में अपने उत्पाद बिना किसी आयात शुल्क के बेचने की अनुमति मिल गई है। इस योजना में दक्षिण अफ्रीका, नाइजीरिया, मिस्र, केन्या और अल्जीरिया जैसे बड़े देश शामिल हैं।केवल स्वाज़ीलैंड को इस नीति से बाहर रखा गया है, क्योंकि उसके ताइवान से राजनयिक संबंध हैं। चीन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य अफ्रीका के साथ साझा विकास को बढ़ावा देना है। इस नीति से खासतौर पर कोको, कॉफी, एवोकाडो और सिट्रस फलों जैसे कृषि उत्पादों को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है, जिन पर पहले 8 से 30 प्रतिशत तक शुल्क लगता था। यह कदम ऐसे समय आया है जब अमेरिका में डोनाल्ड ट्रम्प प्रशासन द्वारा आयात शुल्क बढ़ाए जाने से कई अफ्रीकी देश नए बाजार तलाश रहे हैं। ऐसे में चीन की यह पहल वैश्विक व्यापार संतुलन को नई दिशा दे सकती है। सुबोध/०१-०५-२०२६