क्षेत्रीय
02-May-2026
...


राजगढ़(ईएमएस)l कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उपार्जन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने खरीदी केंद्रों से परिवहन व्यवस्था में तेजी लाने के सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी केंद्रों से समय पर उठाव सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने ओपन खरीदी केंद्रों से कम उठाव पर नाराजगी व्यक्त करते हुए डीएम नॉन के विरुद्ध निलंबन हेतु कमिश्नर को पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उपार्जन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में राजगढ़, नरसिंहगढ़ एवं ब्यावरा क्षेत्रों में परिवहन एवं उठाव की धीमी प्रगति पर चिंता जताते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देशित किया कि संबंधित अधिकारी आगामी दो दिवस के भीतर लंबित उठाव कार्य पूर्ण करें। साथ ही डीएम नॉन को ट्रक चालान की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने जिला विपणन अधिकारी एवं लीड बैंक मैनेजर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि उपार्जन समिति का कोई भी सदस्य बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए उपार्जन प्रक्रिया को सुचारू एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। -निखिल/राजगढ़/2/5/2026