क्षेत्रीय
02-May-2026
...


- आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आक्रोश तेज जांजगीर-चांपा (ईएमएस)। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत करही में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले ने पूरे क्षेत्र में तनाव और आक्रोश बढ़ा दिया है। 24 अप्रैल को तीन नकाबपोश बदमाशों द्वारा घर में घुसकर की गई गोलीबारी में 19 वर्षीय आयुष कश्यप की मौत हो गई थी, जबकि उनका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद से पुलिस जांच जारी है, लेकिन अब तक आरोपियों की पहचान या गिरफ्तारी को लेकर कोई ठोस प्रगति सामने नहीं आई है। इससे ग्रामीणों और समाज के लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी को लेकर समाज के प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों ने गृहमंत्री और पुलिस महानिरीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन एडीशनल एसपी उमेश कुमार कश्यप को दिया गया, जिसमें मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। लोगों ने कहा कि इतने गंभीर मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होना चिंता का विषय है। इस दौरान विधायक ब्यास कश्यप, कनौजिया कुर्मी एकता मंच छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष संतोष कश्यप सहित कई समाजिक नेता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। परिजन भी लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं और प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। - (ईएमएस) 02 मई 2026