धमतरी (ईएमएस)। जिले से एक चौंकाने वाला साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जहां शादी का रिश्ता दिलाने के नाम पर एक युवक को हजारों रुपये का चूना लगा दिया गया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के दानीटोला वार्ड का है। यहां रहने वाले रवि कुमार बघेल के पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को “यूनिक रिश्ते” नामक प्लेटफॉर्म से जुड़ा बताया और बातचीत के दौरान एक लड़की की तस्वीर भेजी। तस्वीर देखने के बाद युवक शादी के लिए तैयार हो गया यहीं से ठगी की शुरुआत हुई। आरोपी ने रजिस्ट्रेशन और अन्य प्रक्रिया के नाम पर युवक से ऑनलाइन UPI के जरिए पैसे मांगने शुरू किए। महज एक हफ्ते के भीतर युवक से करीब 14 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। जब पीड़ित ने लड़की से मिलने या आगे बातचीत की बात कही, तो ठगों ने चौंकाने वाला जवाब दिया कि लड़की किसी और के साथ भाग गई है। यह सुनकर युवक को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद रवि कुमार बघेल ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत की, जहां पुलिस ने उन्हें ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पीड़ित ने लोगों से अपील की है कि वे ऑनलाइन रिश्तों के नाम पर आने वाले झांसे में न आएं और बिना जांच-पड़ताल के किसी को पैसे न भेजें। - (ईएमएस) 02 मई 2026