क्षेत्रीय
02-May-2026
...


रायगढ़ (ईएमएस)। जिले में “सही दवा, शुद्ध आहार—यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अपनी निगरानी तेज कर दी है। 27 अप्रैल से 11 मई तक चल रहे 15 दिवसीय विशेष अभियान के दौरान निजी अस्पतालों और उनकी फार्मेसियों में कोल्ड चेन व्यवस्था पर विशेष फोकस किया जा रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर विभागीय टीम ने शहर के कई प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों में सघन निरीक्षण किया। टीम ने अपेक्स फार्मेसी, गोयल फार्मेसी, श्री चिल्ड्रन हॉस्पिटल और मेट्रो हॉस्पिटल में दबिश देकर वैक्सीन स्टोरेज सिस्टम की जांच की। निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से टीकों के सुरक्षित भंडारण, तय तापमान बनाए रखने वाली कोल्ड चेन व्यवस्था और उनकी निरंतर निगरानी की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 के प्रावधानों के तहत स्टॉक रजिस्टर, दवाओं के वितरण रिकॉर्ड और भंडारण व्यवस्था का मिलान किया। औषधि निरीक्षकों ने स्पष्ट कहा कि वैक्सीन की कोल्ड चेन में जरा सी भी लापरवाही उसकी प्रभावशीलता को पूरी तरह खत्म कर सकती है, जिससे सीधे मरीजों की सुरक्षा प्रभावित होती है। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए अस्पताल संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि कोल्ड चेन प्रबंधन में किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए। विभाग ने चेतावनी दी है कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है, ताकि मरीजों को सुरक्षित और प्रभावी उपचार मिल सके। - (ईएमएस) 02 मई 2026