रायगढ़ (ईएमएस)। जिले के सरिया तहसील क्षेत्र में दोपहर अचानक आए भीषण आंधी-तूफान ने व्यापक तबाही मचा दी। चक्रवातीय हवाओं की तेज रफ्तार के चलते कई बड़े पेड़ उखड़ गए, जो बिजली के पोल, तार और ट्रांसफार्मर पर गिरने से पूरी विद्युत व्यवस्था चरमरा गई। तूफान का सबसे ज्यादा असर बरपाली, कांदूरपाली, पंचधार और बुदबुदा गांवों में देखने को मिला, जहां मुख्य बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके चलते पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। भीषण गर्मी के बीच बिजली गुल होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विद्युत विभाग ने तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। डिविजनल इंजीनियर पी.के. महानंदा और असिस्टेंट इंजीनियर गजाधर के नेतृत्व में करीब 30 से 35 कर्मचारियों की टीम मौके पर तैनात की गई है। वहीं कनिष्ठ अभियंता मदन नायक और किशन भोई के साथ ठेकेदार मार्तंड पटेल और लोकेश पटेल भी राहत कार्य में जुटे हुए हैं। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी की टीम ने बताया कि नुकसान काफी व्यापक है, लेकिन प्राथमिकता के आधार पर लाइन सुधार और बिजली बहाली का काम तेजी से किया जा रहा है। इस बीच बुदबुदा गांव के ग्रामीणों ने भी सराहनीय पहल करते हुए सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाकर यातायात बहाल करने में सहयोग किया। प्रशासन का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास जारी हैं और देर रात तक मरम्मत कार्य चलता रहा। फिलहाल पूरे क्षेत्र में स्थिति सामान्य करने की कोशिशें तेज हैं, लेकिन तूफान के बाद का असर अभी भी जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। - (ईएमएस) 02 मई 2026