क्षेत्रीय
02-May-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। नगर पालिक निगम के जोन क्रमांक 6 स्वास्थ्य विभाग द्वारा वार्ड 61 भाठागांव और वार्ड 62 संजय नगर टिकरापारा में स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान स्वच्छता सर्वेक्षण 2025–26 के तहत आयोजित किया गया, जिसमें नागरिकों को कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक किया गया। जोन 6 के अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों ने क्षेत्र में रैली निकालकर लोगों को घरों में 4 डिब्बा सफाई प्रणाली अपनाने की अपील की। अभियान के दौरान नागरिकों को बताया गया कि गीला, सूखा, सेनेटरी और विशेष कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखना अनिवार्य होगा। इस प्रणाली के तहत गीले कचरे के लिए हरा डस्टबिन, सूखे कचरे के लिए नीला, सेनेटरी वेस्ट के लिए काला और विशेष देखभाल वाले कचरे के लिए लाल डस्टबिन उपयोग करने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे कचरा घर के बाहर न फेंकें और उसे केवल सफाई वाहनों में ही सफाई मित्रों को सौंपें, ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके। यह अभियान जोन 6 कमिश्नर हितेन्द्र यादव के निर्देश पर चलाया गया, जिसमें जोन स्वास्थ्य अधिकारी आदिव्य हजारी, स्वच्छता निरीक्षक महेन्द्र कलियारी और अभिषेक मणि सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और सदर बाजार मंडल अध्यक्ष संजय सोनी भी उपस्थित थे। अभियान का उद्देश्य नागरिकों की भागीदारी बढ़ाकर रायपुर को स्वच्छता रैंकिंग में और बेहतर स्थान दिलाना है। - (ईएमएस) 02 मई 2026