गुना (ईएमएस) ।उमरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत नेगमा के पास इकोदिया निवासी 30 वर्षीय सीताराम बरेला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर जबरन ले जाकर हत्या करने का आरोप लगाया है और पुलिस को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। परिजन उत्तम सिंह बारेला ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे गांव का ही जयसिंह, सीताराम को बाइक पर जबरदस्ती अपने साथ ले गया था। इस दौरान सीताराम के पिता ने पूछा भी कि कहां जा रहे हो, तो जयसिंह ने “अभी आ रहे हैं” कहकर बात टाल दी। परिजनों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह सीताराम को साथ लेकर चला गया। इसके बाद से दोनों का कोई पता नहीं चला। शनिवार सुबह करीब 8 बजे नेगमा के चौकीदार द्वारा गांव के चौकीदार को सूचना दी गई कि सीताराम की मौत हो गई है और उसका शव अस्पताल में रखा है। परिजनों का आरोप है कि घटना के दौरान जयसिंह ने किसी को मोबाइल से सूचना देने नहीं दी और न ही पुलिस या एंबुलेंस को बुलाया। परिजनों के अनुसार जब शनिवार सुबह जयसिंह मिला और उससे पूछताछ की गई तो उसने कहा कि सीताराम रास्ते में उतर गया था, लेकिन इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। इस व्यवहार से परिजनों का संदेह और गहरा गया है। शनिवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं रमचा बरेला द्वारा थाना कैंट में आवेदन देकर जयसिंह के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। - सीताराम नाटानी