राष्ट्रीय
02-May-2026


कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में मतदान के बाद स्ट्रॉन्ग रूम को लेकर हंगामे के बीच 6 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक बीजेपी नेताओं ने इस मामले को लेकर बिधाननगर के एसडीओ से शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया है कि यहां एक स्ट्रॉन्ग रूम है और इसे खोलने को लेकर समय तय किया गया था। इसे ध्यान में रखते हुए हम सभी समय पर वहां पहुंचे। वहां पहुंचने के बाद हमने पाया कि स्ट्रॉन्ग रूम पहले से ही खुला था। इसे लेकर हमने सवाल उठाया, जिसका संतोषजनक जवाब नहीं मिला। शिकायत पत्र के मुताबिक जब काम ठीक से शुरू भी नहीं हुआ था तो इसे इतनी जल्दी क्यों खोला गया। बाद में पूछताछ करने पर बताया कि इस स्ट्रॉन्ग रूम को एक-दो बार नहीं, बल्कि कम से कम 10 बार पहले ही खोला जा चुका है। बूथ नंबर 116 और 117 के लिए छंटाई और पोस्टल बैलेट के स्तर पर काम पूरा हो गया था। जब पूछा कि इसे खोलने की इजाजत किसने दी और इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई तो कोई जवाब नहीं मिला। बीजेपी नेताओं की शिकायत पर बिना इजाजत स्ट्रॉन्ग रूम खोले जाने के आरोप में 6 अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। इस बीच टीएमसी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के तहत मतदान संपन्न होने के बाद स्ट्रॉन्ग रूम की 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी की मांग की है। स्ट्रॉन्ग रूम में सीलबंद ईवीएम रखी गई हैं। टीएमसी के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल के कार्यालय का दौरा किया। सिराज/ईएमएस 02मई26