ग्वालियर ( ईएमएस ) । भारत सरकार द्वारा व्यवसायिक गैस सिलेण्डर में बेतहाशा रु. 993/- की वृद्धि का विरोध करते हुए इसे तत्काल वापिस लिए जाने की माँग म. प्र. चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री द्वारा देश के प्रधानमंत्री- नरेन्द्र मोदी एवं केन्द्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री-हरदीप सिंह पुरी को पत्र प्रेषित कर की गई है । प्रेस को जारी विज्ञप्ति में पदाधिकारियों ने कहा है कि कॉमर्शियल गैस सिलेण्डर के मूल्यों में इतनी भारी मूल्य वृद्धि से न केवल खान-पान के बाजार में महंगाई बढ़ेगी, बल्कि छोटे व्यापारियों, रेस्तरां संचालकों और रेहड़ी-पटरी वालों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा । रु. 993/- की एकमुश्त वृद्धि किसी भी तर्क से न्यायसंगत प्रतीत नहीं होती है । लगातार बढ़ती महंगाई के बीच इस तरह के कठोर निर्णय से आम जनता पर आर्थिक बोझ असहनीय हो जाएगा । पदाधिकारियों ने पुरजोर माँग की है कि इस मूल्य वृद्धि पर तत्काल प्रभाव से पुनर्विचार किया जाए । साथ ही, बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेकर आम जनता और छोटे उद्यमियों को राहत प्रदान की जाए । साथ ही, आशा व्यक्त की गई है कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए, इस दिशा में सरकार अवश्य ही सकारात्मक कदम उठाकर, देशवासियों को राहत प्रदान करेगी ।