राज्य
02-May-2026


रांची(ईएमएस)।भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वास्थ्य विभाग में हुए घोटाला मामले को संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष और स्वतंत्र एजेंसी से इस मामले की जांच कराएं। भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य के मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य विभाग में हुए घोटाले की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग के सचिव को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि यह कदम स्वागत योग्य है लेकिन आशंका जताई जा रही है कि इस जांच में मामले की लीपापोती हो जाएगी। उन्होंने कहा कि विभागीय सचिव से जांच कराने का मतलब बिल्ली को दूध की रखवाली करने का जिम्मा देना है।नवीन जायसवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मांग करती है कि स्वास्थ्य विभाग में हुए घोटाले की जांच स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए। इसके साथ ही इस मामले में संलिप्त स्वास्थ्य मंत्री को पद से तत्काल बर्खास्त किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में हुए घोटाले से जुड़े अधिकारियों पर भी प्राथमिक की दर्ज कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने बहुत पहले ही स्वास्थ्य विभाग में हुए घोटाले से जुड़े कई मामलों को उजागर किया था। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के करीबी लोगों के एक ही परिवार के पांच छह सदस्यों ने अलग-अलग कंपनियां बनाकर टेंडर लेने का काम किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में जब से झारखंड मुक्ति मोर्चा कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल की सरकार बनी है तब से भ्रष्टाचार के कई मामले उजागर हुए हैं। उन्होंने कहा कि पहले बालू उसके बाद कोयला और जमीन की लूट झारखंड में हुई है। इसके बाद झारखंड में उजागर हुए ट्रेजरी घोटाला ने साबित कर दिया है कि सरकारी खजाना भी अब सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि ट्रेजरी ल मामले की जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए। कर्मवीर सिंह/02मई/26