खेल
02-May-2026


:: मलय के कौशल से गुजरात चैंपियन, दिल्ली ने भी झटका स्वर्ण; रोमांचक रहे फाइनल मुकाबले :: पुणे (ईएमएस)। बालेवाड़ी इंडोर स्टेडियम में आयोजित 32वीं नेशनल मास्टर्स टेबल टेनिस चैंपियनशिप के टीम स्पर्धाओं में तमिलनाडु के दिग्गजों ने अपने अनुभव का लोहा मनवाते हुए शनिवार को खिताबी धमाका किया। तमिलनाडु ने पुरुषों के 40+ और 45+ दोनों श्रेणियों के फाइनल मुकाबले जीतकर डबल क्राउन अपने नाम कर लिया है। पुरुषों के 40+ आयु वर्ग के खिताबी संघर्ष में तमिलनाडु ए और गुजरात के बीच काँटे की टक्कर देखने को मिली, जहाँ तमिलनाडु ने 3-2 से रोमांचक जीत दर्ज की। टीम की इस स्वर्णिम सफलता के सूत्रधार जी. विनोद रहे, जिन्होंने दो एकल मैचों में जीत हासिल की, जबकि निर्णायक मुकाबले में सुजीत के. मुथुकृष्णन ने दबाव के क्षणों में उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए जीत सुनिश्चित की। इसी तरह 45+ श्रेणी के फाइनल में तमिलनाडु ने आरबीआई की चुनौती को 3-1 से ध्वस्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया। इस वर्ग में आर. राजेश ने अपनी आक्रामक खेल शैली से दो मैच जीतकर टीम को मजबूती दी, जबकि जे. जयकुमार ने भी जीत में अहम भूमिका निभाई। दूसरी ओर 50+ आयु वर्ग का फाइनल भी अंतिम क्षणों तक रोमांच से भरपूर रहा, जहाँ गुजरात ए ने महाराष्ट्र ए को 3-2 से पराजित किया। गुजरात की इस जीत में मलय कुमार ठक्कर ने दो मैच जीतकर नींव रखी और मिहिर व्यास ने निर्णायक मुकाबले में विजय हासिल कर टीम को चैंपियन बनाया। दिन के एक अन्य प्रमुख मुकाबले में दिल्ली की टीम ने 55+ वर्ग के फाइनल में महाराष्ट्र ए को 3-1 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। इससे पहले सेमीफाइनल दौर में भी जबरदस्त प्रतिस्पर्धी खेल देखने को मिला था, जिसमें गुजरात ने उत्तर प्रदेश को और तमिलनाडु ने दिल्ली को कड़े संघर्ष के बाद हराया था। पूरे टूर्नामेंट के दौरान अनुभवी खिलाड़ियों के बीच मानसिक दृढ़ता और तकनीकी कौशल का अद्भुत संगम नजर आया। खिताबी जीत के बाद विजेता टीमों का उत्साह देखते ही बनता था और खेल प्रेमियों ने वेटरन्स खिलाड़ियों के इस जज्बे की मुक्त कंठ से सराहना की। प्रकाश/02 मई 2026