खेल
02-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। बहुप्रतीक्षित महिला टी-20 वर्ल्डकप के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम टीम का ऐलान कर दिया गया है। पिछले वर्ष एकदिवसीय विश्वकप में देश को ऐतिहासिक खिताब दिलाने वाली कप्तान हरमनप्रीत कौर को एक बार फिर टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है। शनिवार को घोषित पंद्रह सदस्यीय टीम में पिछले वर्ष विश्व विजेता टीम की ग्यारह खिलाड़ियों को जगह मिली है। पंजाब की युवा खिलाड़ी नंदनी शर्मा को पहली बार विश्वकप टीम में शामिल किया गया है, जिसे बड़ा अवसर माना जा रहा है। महिला टी-20 वर्ल्डकप का आगाज बारह जून से इंग्लैंड में होगा। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत चौदह जून को पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। भारतीय टीम में हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, भारती फुलमाली, श्री चरणी, यस्तिका भाटिया, नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर, श्रेयांका पाटिल और राधा यादव को शामिल किया गया है। तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी रेणुका सिंह ठाकुर संभालेंगी, जबकि स्पिन विभाग में दीप्ति शर्मा अहम भूमिका निभाएंगी। भारत को अपने समूह में पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और नीदरलैंड जैसी मजबूत टीमों के साथ रखा गया है। अब देश की नजरें महिला टीम के विश्वविजेता बनने पर टिकी हैं। सुबोध/०२-०५-२०२६