सिवनीमालवा(ईएमएस)। भीषण गर्मी के इस दौर में लगातार बढ़ते तापमान के बीच नगर पालिका परिषद सिवनीमालवा ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए एक सराहनीय पहल शुरू की है। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पशुओं और पक्षियों के लिए पेयजल एवं दाना-पानी की व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे उन्हें इस तपती गर्मी में राहत मिल सके। 150 स्थानों पर की गई विशेष व्यवस्था नगरपालिका द्वारा पशुओं के लिए लगभग 50 स्थानों पर पानी के पात्र रखवाए गए हैं, वहीं पक्षियों के लिए 100 चयनित स्थानों पर जल एवं दाना पात्र स्थापित किए गए हैं। यह व्यवस्था पूरे गर्मी के मौसम में निरंतर जारी रखने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि किसी भी बेजुबान जीव को प्यास और भूख का सामना न करना पड़े। नगरपालिका अध्यक्ष रिंकू जैन ने कहा कि भीषण गर्मी में पशु-पक्षियों के लिए पानी और भोजन की व्यवस्था करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। नगरपालिका द्वारा यह अभियान इसी भावना के साथ शुरू किया गया है। वहीं सीएमओ अमर सिंह उईके ने बताया कि नगर के विभिन्न स्थानों पर नियमित रूप से पानी और दाना की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। हमारी टीम इस बात का ध्यान रख रही है कि पात्रों में स्वच्छ पानी उपलब्ध रहे। हम सभी नागरिकों से अपील करते हैं कि वे भी इस मुहिम में सहभागी बनें और बेजुबान जीवों की मदद करें। राजीव अग्रवाल, ०२ मई २०२६