क्षेत्रीय
02-May-2026
...


नरसिंहपुर (ईएमएस)। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने शुक्रवार को करेली विकासखंड के ग्राम पंचायत नयाखेड़ा के ग्राम दिल्हेरी व गोरबगांव में जाकर गौशालाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां चारागाह विकसित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत नयाखेड़ा के ग्राम दिल्हेरी में स्थित राधारामण गौशाला का निरीक्षण किया। यहां उन्हें अवगत कराया गया कि वर्तमान में 106 गौवंश संरक्षित हैं। इसका संचालन वंदना स्वसहायता समूह द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने गौशालाओं से लगी शासकीय भूमि में चारागाह विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि गौवंश को पर्याप्त हरा चारा उपलब्ध हो सके। इसी तरह ग्राम गोबरगांव की नवनिर्मित गौशाला का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देशित किया कि यहां विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित करने के लिए प्रस्ताव भेंजे। सभी गौशालाओं में पशुधन एवं भूसा भंडारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत श्री उदय सिंह सहित संबंधित ग्राम पंचायतों का अमला उपस्थित रहा। ईएमएस/राहुल वासनिक/ 02 मई 2026