नरसिंहपुर (ईएमएस)। जिले में समर्थन मूल्य पर चल रही खरीदी प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए राज्य एवं संभाग स्तर से आए अधिकारियों द्वारा गेहूं, चना एवं मसूर उपार्जन केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। जिला उपार्जन समिति के सदस्यों ने भी विभिन्न केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम, तहसीलदार, उप संचालक कृषि, जिला आपूर्ति अधिकारी, डीएम वेयरहाउस, जेएसओ एवं कॉर्पोरेशन इंस्पेक्टर द्वारा केंद्रों पर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जा रही है, जिससे खरीदी कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। जिला आपूर्ति अधिकारी नरसिंहपुर ने बताया कि जिले में अब तक 10 हजार से अधिक किसानों से लगभग 4 लाख 60 हजार क्विंटल गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। साथ ही लगभग 30 हजार किसानों द्वारा स्लॉट बुकिंग कराई गई है, जिससे खरीदी प्रक्रिया व्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है। असामयिक बारिश को ध्यान में रखते हुए उपार्जन केंद्रों पर तिरपाल, पन्नी सहित बारिश से बचाव के सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। इसके साथ ही किसानों के लिए छाया, ठंडे पेयजल एवं बैठने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। खरीदी की गति बढ़ाने के लिए केंद्रों पर तौल-कांटों एवं हम्मालों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 50 से 60 हजार क्विंटल गेहूं की खरीदी की जा रही है। वहीं सर्वर से संबंधित समस्याओं का भी अधिकांश समाधान कर लिया गया है, जिससे प्रक्रिया में तेजी आई है। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे स्लॉट बुकिंग के अनुसार निर्धारित तिथि पर ही उपार्जन केंद्रों में गेहूं लेकर आएं, ताकि खरीदी कार्य सुगमता एवं पारदर्शिता के साथ पूर्ण किया जा सके। ईएमएस/राहुल वासनिक/ 02 मई 2026