- लोगों ने किया जमकर प्रदर्शन, अशोक राजपथ पर शव को रखकर की आगजनी पटना, (ईएमएस)। पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र के लालबाग इलाके में शनिवार तड़के घर में घुसकर अपराधियों ने पति-पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पति मोहम्मद नवाज (30) की मौत हो गई है। जबकि उनकी पत्नी नाजिया परवीन गंभीर रूप से घायल हो गयी। गंभीर रूप से घायल नाजिया को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया जहां वो जिन्दगी और मौत से लड़ रही है। इस बीच आरोपी की गिरफ्तारी और उसे कड़ी से कड़ी सजा दिये जाने की मांग को लेकर शनिवार की शाम में लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया और अशोक राजपथ पर शव को रखकर आगजनी की। जिससे यातायात बाधित हो गया। इस घटना से लोगों में खासा आक्रोश दिख रहा है। अब वे पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाए जाने की मांग मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से कर रहे हैं। आक्रोशित लोगों का कहना है कि राजधानी पटना के अंदर इतनी बड़ी घटना हो गयी लेकिन पुलिस के अधिकारी तक देखने नहीं पहुंचे। जिनकी हत्या हुई है उनके परिवार को इंसाफ मिलनी चाहिए। मृतक की पत्नी जिन्दगी और मौत से पीएमसीएच में लड़ रही है, उनका समुचित इलाज हो। यह हमारी मांग है। ऐसा पहली बार हुआ है कि घर में घुसकर किसी की हत्या की गयी। जिसने भी हत्या की वारदात को अंजाम दिया है उसे गिरफ्तार किया जाना चाहिए और कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए। दरअसल घटना शनिवार की सुबह अशोक राजपथ स्थित लालबाग इलाके की है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैली हुई है। बताया गया है कि मृतक नवाज लालबाग स्थित सरफराज आलम के मकान में किरायेदार थे। मकान के तीसरे मंजिल पर वो रहते थे, तीसरे मंजिल पर ही चढ़कर कमरे में अपराधियों ने हमला किया। मोहम्मद नवाज आलम पटना के एक मॉल में सेल्समैन था। घायल पत्नी ने कहा कि हम घर में सोए थे। आंख खुली तो एक लड़का चाकू लेकर पति के सीने पर बैठा था। उसने उनका गला काट दिया। मैं बचाने गई तो मेरे ऊपर पर भी हमला कर दिया। उधर मृतक के बड़े भाई का कहना है कि सत्यम नाम का लड़का बेटी को स्कूल आते-जाते परेशान करता था। कल उसने घर पर पत्थर फेंका था। हमने उसे पकड़कर समझाया था। इसके बाद उसने हत्या कर दी। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों के हवाले किया। जिसके बाद शव को लेकर सैकड़ों लोग अशोक राजपथ पर पहुंच गये और आगजनी कर मुख्य सड़क को जाम कर प्रदर्शन कर अपना आक्रोश जताया और पुलिस से आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। संतोष झा- ०२ मई/२०२६/ईएमएस