क्षेत्रीय
02-May-2026
...


2 ट्रैक्टर-ट्रॉली व 2 मोटर बोट जप्त नर्मदापुरम (ईएमएस)। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध निरंतर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। खनिज विभाग एवं राजस्व विभाग के समन्वित प्रयासों से जिले में अवैध खनन पर प्रभावी रोकथाम के लिए सतत जांच एवं धर-पकड़ की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में शनिवार को रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाते हुए प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान दो ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं दो मोटर बोट जप्त की गईं। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कजलास, तहसील डोलरिया से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा ग्राम ग्वाडी, तहसील सिवनी मालवा से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए पकड़ा गया। दोनों वाहनों को जप्त कर पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। इसके अतिरिक्त ग्राम पथाड़ा, तहसील सिवनी मालवा में नर्मदा नदी से अवैध रेत उत्खनन करते हुए दो मोटर बोट जप्त की गईं, जिन्हें पुलिस थाना शिवपुर में पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ईएमएस/ राजीव अग्रवाल / 02 मई 2026