क्षेत्रीय
02-May-2026
...


पक्षियों के संरक्षण एवं उनके भोजन पानी के लिए जगह जगह रखे जा रहे जल पात्र नर्मदापुरम (ईएमएस)। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशन में नर्मदापुरम जिले में संचालित ‘नीर पखेरू अभियान’ अब जन-जन का आंदोलन बनता जा रहा है। पक्षियों के संरक्षण एवं उनके लिए भोजन और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान को जिले के विभिन्न कार्यालयों के साथ-साथ आम नागरिकों का व्यापक सहयोग मिल रहा है, जिससे यह घर-घर तक पहुंच रहा है। अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत नर्मदापुरम के विभिन्न ग्राम पंचायतों में पक्षियों के लिए जल एवं भोजन की व्यवस्था करते हुए सकोरे स्थापित किए गए हैं। इसी क्रम में नेहरू पार्क में भी सीएमओ नर्मदापुरम के मार्गदर्शन में पक्षियों के लिए सकोरे रखकर पेयजल की व्यवस्था की गई। “एक सकोरा पानी, पक्षियों की जिंदगानी” थीम पर संचालित इस अभियान के तहत नजूल अधिकारी तवा भवन परिसर में ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए पक्षियों के लिए पेयजल उपलब्ध कराने हेतु सकोरे लगाए गए। साथ ही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय नर्मदापुरम एवं तहसील कार्यालय डोलरिया परिसर में भी पक्षियों के दाना-पानी के लिए सकोरे स्थापित किए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे भी अपने घरों, आंगन, बगीचों, विद्यालयों एवं कार्यस्थलों पर पक्षियों के लिए पानी एवं भोजन की व्यवस्था करें, जिससे इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। ईएमएस/ राजीव अग्रवाल / 02 मई 2026