मेक्सिको सिटी (ईएमएस)। ड्रग तस्करी के आरोपों से हिला मेक्सिको, अमेरिकी आरोपपत्र के बाद गवर्नर ने पद छोड़ने का किया ऐलान मेक्सिको की राजनीति में उस समय बड़ा भूचाल आ गया जब उत्तरी सिनालोआ प्रांत के गवर्नर रूबेन रोचा मोया पर अमेरिका ने ड्रग तस्करी और संगठित अपराध से जुड़े गंभीर आरोप लगाए। अमेरिकी एजेंसियों द्वारा दाखिल आरोपपत्र में रोचा समेत कुल 10 अधिकारियों के नाम शामिल किए गए हैं, जिसके बाद पूरे देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इन आरोपों के बाद गवर्नर रूबेन रोचा मोया ने देर रात जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि वह जांच पूरी होने तक अपने पद से अस्थायी रूप से हट रहे हैं। हालांकि उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह झूठा और राजनीतिक साजिश करार दिया। उन्होंने कहा, “मेरा जमीर पूरी तरह साफ है। मैंने कभी अपने लोगों या अपने परिवार के विश्वास को नहीं तोड़ा।” अमेरिकी एजेंसियों का आरोप है कि रोचा ने शक्तिशाली सिनालोआ कार्टेल को संरक्षण दिया और भारी रिश्वत के बदले अमेरिका में ड्रग्स की तस्करी में मदद की। दूसरी ओर मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने कहा है कि अभी तक उनके सामने ऐसे ठोस सबूत नहीं आए हैं, लेकिन सरकार स्वतंत्र जांच कराएगी। रोचा सत्तारूढ़ मोरेना पार्टी के वरिष्ठ नेता माने जाते हैं। इस मामले ने मेक्सिको की सत्ता, न्याय व्यवस्था और ड्रग कार्टेल के खिलाफ चल रही लड़ाई पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। सुबोध/०२-०५-२०२६