फ्लोरिडा (ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक बयान ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। फ्लोरिडा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में कहा कि ईरान से जुड़े सैन्य अभियान के बाद अमेरिकी नौसेना क्यूबा की ओर भी रुख कर सकती है। हालांकि यह टिप्पणी हल्के अंदाज में की गई, लेकिन इसके समय और संदर्भ ने इसे वैश्विक चर्चा का विषय बना दिया है। फ़ोरम क्लब ऑफ़ द पाम बीचेज़ में संबोधन के दौरान ट्रंप ने कहा, “क्यूबा की अपनी समस्याएं हैं। वापसी में हम वहां रुक सकते हैं और वे कहेंगे—बहुत धन्यवाद, हम हार मानते हैं।” इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की अटकलें शुरू हो गई हैं। ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बना हुआ है और वॉशिंगटन ने क्यूबा पर आर्थिक दबाव भी बढ़ाया है। हाल के महीनों में अमेरिकी प्रशासन ने क्यूबा की अर्थव्यवस्था से जुड़े कई क्षेत्रों पर नए प्रतिबंध लगाए हैं, जिसकी हवाना ने कड़ी आलोचना की है। वहीं क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज़-कैनेल ने पहले ही साफ कर दिया है कि उनके देश पर किसी भी सैन्य कार्रवाई का कड़ा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्यूबा अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए हर स्तर पर तैयार है। फिलहाल अमेरिका की ओर से क्यूबा के खिलाफ किसी सैन्य कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन ट्रंप के इस बयान ने वैश्विक कूटनीति में नई हलचल जरूर पैदा कर दी है। सुबोध/०२-०५-२०२६