अंतर्राष्ट्रीय
02-May-2026


टेक्सास (ईएमएस)। अमेरिका के टेक्सास राज्य के अमरिलो शहर में शनिवार तड़के एक अपार्टमेंट पार्टी के दौरान हुई अंधाधुंध गोलीबारी ने पूरे इलाके को दहला दिया। देर रात करीब 2 बजे हुए इस हमले में कम से कम 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना शहर के वेस्टमिंस्टर अपार्टमेंट में हुई, जहां देर रात पार्टी चल रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक दर्जनों गोलियों की आवाज सुनाई दी। कुछ लोगों ने फायरिंग की आवाज को मशीनगन जैसी तेज और लगातार बताया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना से पहले किसी दूसरी पार्टी में विवाद हुआ था। वहां से निकाले गए कुछ किशोर और युवा कथित तौर पर पार्टी में मौजूद लोगों का पीछा करते हुए अपार्टमेंट परिसर तक पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने जबरन अंदर घुसने की कोशिश की और फिर फायरिंग शुरू कर दी। घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अस्पताल ले जाए गए घायलों में से एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है। इस घटना ने अमरिलो में बढ़ती गन वायलेंस को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है। सुबोध/०२-०५-२०२६