प्रशिक्षण केवल ज्ञानार्जन का माध्यम नहीं, बल्कि यह कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का सशक्त मंच है-संभाग प्रभारी रावत भाजपा का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग 22 व 23 मई को होगा आयोजित धार (ईएमएस)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत जिला प्रशिक्षण वर्ग कार्य योजना बैठक का आयोजन भाजपा के जिला कार्यालय पर शनिवार को संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ भारत माता व पंडित दीनदयाल उपाध्याय तथा डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों समक्ष दीप प्रज्वलित कर और वंदे मातरम के साथ किया गया। भाजपा के संभाग प्रभारी व प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीरसिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती,भाजपा जिला संगठन प्रभारी सुभाष कोठारी, जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी नानूराम कुमावत, धार विधायक नीना वर्मा, पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया, प्रशिक्षण अभियान के संभाग टोली प्रभारी दिलीप पटोंदिया, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभु राठौड़ व मनोज सोमानी, पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश महामंत्री नरेद्र राठौड़ अतिथि रूप में मंचासीन थे। बैठक की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि इसके पहले चरण में मंडलों को प्रशिक्षित किया गया है। अब इसी महीने जिला स्तर का प्रशिक्षण होना है। भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक शक्ति को और अधिक सुदृढ़ बनाने का एक महत्वपूर्ण अभियान है। प्रशिक्षण ही वह धुरी है, जो कार्यकर्ता को राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करती है। एक सशक्त, जागरूक और वैचारिक रूप से समृद्ध कार्यकर्ता ही संगठन को ऊंचाइयों तक ले जाता है। हमारी पार्टी सिद्धांत व विचारधारा को लेकर काम करती है। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष व संभाग प्रभारी रणवीर सिंह रावत ने कहा कि प्रशिक्षण महाभियान से प्रत्येक कार्यकर्ता को जोड़ने का प्रयास करें, जिससे संगठन की जड़ों को और अधिक मजबूती मिले। प्रशिक्षण केवल ज्ञानार्जन का माध्यम नहीं, बल्कि यह कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का सशक्त मंच है। अब आगामी जिला प्रशिक्षण वर्गों को भी उसी ऊर्जा और गुणवत्ता के साथ सम्पन्न करना हम सभी की जिम्मेदारी है। कांग्रेस में व्यक्ति आधारित व्यवस्था है। जबकि हमारे यहां पार्टी में कार्यकर्ता आधारित व्यवस्था है। पार्टी कार्यकर्ताओ की मंशा अनुसार चलती है। हमारा अंत्योदय तय है। कार्यकर्ताओ को समय समय के साथ प्रशिक्षित करने के लिए प्रशिक्षण दिया जाता है। यह हमारी कार्य पद्वति है। उसी आधार पर हम दुनिया का सबसे बड़ा दल बने हैं। भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रहित, सेवा, सुशासन और अंत्योदय की विचारधारा पर आधारित एक संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। जिला संगठन प्रभारी सुभाषचंद्र कोठारी ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग में सभी अपेक्षित पदाधिकारी समेत कार्यकर्ताओ का उपस्थित रहना अनिवार्य है। प्रशिक्षण वर्ग नए कार्यकर्ताओ को गढ़ने का सशक्त माध्यम है। 23 व 24 मई को मांडव में यह प्रशिक्षण वर्ग संपन्न होगा। जिला पदाधिकारी, जिला मोर्चा अध्यक्ष व महामंत्री, मंडल अध्यक्ष, मण्डल प्रभारी, प्रकोष्ठ जिला संयोजक, सांसद विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष, प्रकोष्ठ व मोर्चे प्रदेश पदाधिकारी, स्थानीय स्तर पर जिले की टोली व अन्य कुछ नाम भी शामिल हो सकते। 150 से 200 लोग प्रशिक्षण लेंगे। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि जिला बैठक में भाजपा जिला पदाधिकारी जिले के सभी मंडल अध्यक्ष मंडल महामंत्री मोर्चा जिला अध्यक्ष महामंत्री,प्रकोष्ठ जिला संयोजक, प्रशिक्षण वर्ग जिला टोली समेत अपेक्षित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहें। राष्ट्र गीत श्रीमती अल्पना जोशी व संगठन गीत को अक्षय शर्मा ने लिया। बैठक का संचालन भाजपा जिला महामंत्री राकेश पटेल ने किया। आभार भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रेमचंद परमार ने माना। यह जानकारी भाजपा के जिला मीडीया प्रभारी संजय शर्मा व जिला सह मीडीया प्रभारी मनोज सोलंकी कवि ने दी। ईएमएस/मोहने/ 02 मई 2026