पटना, (ईएमएस)। बिहार पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। दिनांक 02 मई को पटना जिले के खगौल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छोटी खगौल चिकटोली में छापेमारी कर पुलिस ने अवैध गांजा कारोबार का पर्दाफाश किया। दरअसल पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने घर से चोरी-छिपे गांजा की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही अभियुक्त भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस बल की मुस्तैदी से उसे पकड़ लिया गया। घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने कुल 2.068 किलोग्राम अवैध गांजा, 3,31,200 रुपया नकद, 02 तराजू, 03 बंडल रेपर और 01 मोबाइल फोन बरामद किया। सभी सामान को विधिवत जब्त कर लिया गया है। इस संबंध में दानापुर-02 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। संतोष झा- ०२ मई/२०२६/ईएमएस