खेल
02-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। सीन एबॉट अपने दोस्त फिलिप ह्यूज़ की दर्दनाक मौत को याद कर एक बार फिर भावुक हो गए। यह घटना कई बार उन्हें भावुक कर देती हैं। क्रिकेट इतिहास के सबसे डरावने और रूह कंपा देने वाले पलों में ऑस्ट्रेलिया के उभरते स्टार फिलिप ह्यूज़ की दर्दनाक मौत को हमेशा याद किया जाता है, जो 25 नवंबर 2014 को सीन एबॉट के एक बाउंसर के कारण हुई थी। सिडनी में एक घरेलू मैच के दौरान यह घातक घटना घटी, जब एबॉट की गेंद ह्यूज़ की गर्दन के पास लगी, जिससे उनकी धमनी को चोट पहुंची और दो दिन बाद सेंट विंसेंट अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई। इस त्रासदी ने दुनिया भर के खेल प्रेमियों को झकझोर कर रख दिया था। इस घटना का सबसे गहरा असर गेंदबाज़ सीन एबॉट पर पड़ा था। वे कई महीनों तक ह्यूज़ की मौत के सदमे में रहे, और उस पल की यादें उनके मन में गहराई तक बस गईं। एबॉट ने उस भयानक पल को याद करते हुए लिखा था कि उन्हें लगा था कि फिलिप ने शॉट खेलने में थोड़ी जल्दी कर दी थी। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है फिलिप ने शॉट खेलने में थोड़ी जल्दी कर दी थी। अगर बल्लेबाज़ शॉट में जल्दी करता है तो लगता है कि गेंद उतनी तेज़ नहीं थी जितनी उसने सोची थी। मुझे याद नहीं कि गेंद तेज़ थी या धीमी। शायद उस दिन पिच थोड़ी धीमी थी। एससीजी की पिच ऐसी ही होती है।” एबॉट ने अपने दर्द को व्यक्त करते हुए बताया कि उन्होंने उस दिन क्या महसूस किया: “जब फिलिप को गेंद लगी, मैंने देखा कि वे लड़खड़ाने लगे और मैं पिच के दूसरे छोर पर दौड़ा। अपने बाएं हाथ से उनके सिर के दाहिने हिस्से को पकड़ा। मैं मैदान पर तब तक रहा जब तक फिलिप को मेडिकैब पर नहीं ले जाया गया और फिर चेंज रूम में लौट आया। चेंज रूम में पहुँचकर मैं बहुत उलझन और दुखी महसूस कर रहा था, सिर में दर्द था। लोग मेरे पास आ रहे थे लेकिन मुझे याद नहीं कि उन्होंने क्या कहा। सब कुछ धुंधला सा लग रहा था। बहुत थका हुआ महसूस कर रहा था। ये भावनाएँ अगले कुछ दिनों तक मेरे साथ रहीं।” डेविड/ईएमएस 03 मई 2026