-अब तक 100 से अधिक लोगों की कर चुका है सटीक भविष्यवाणी वॉशिंगटन(ईएमएस)। पशु-पक्षियों में आने वाले खतरे को भांपने की अद्भुत शक्ति होती है, लेकिन अमेरिका के रोड आइलैंड से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने विज्ञान और मानवीय समझ को हैरानी में डाल दिया है। यहाँ के स्टीयर हाउस नर्सिंग एंड रिहैबिलिएशन सेंटर में रहने वाला ऑस्कर नाम का एक सफेद बिल्ली अपनी अनोखी क्षमता के लिए दुनिया भर में चर्चा का विषय बना हुआ है। ऑस्कर कोई साधारण पालतू जीव नहीं है, बल्कि वह किसी व्यक्ति की मृत्यु से पहले उसकी सटीक भविष्यवाणी करने के लिए जाना जाता है। अल्जाइमर और पार्किंसन जैसे रोगों के उपचार के लिए प्रसिद्ध इस अस्पताल में ऑस्कर साल 2000 में एक थेरेपी कैट के रूप में लाया गया था। ब्राउन यूनिवर्सिटी के जराविज्ञानी डॉ. डेविड डोसा ने अपनी चर्चित पुस्तक मेकिंग राउंड्स विद ऑस्कर में इस बिल्ली के व्यवहार का विस्तार से वर्णन किया है। डॉ. डोसा के अनुसार, ऑस्कर आमतौर पर अस्पताल के कमरों में घूमता रहता है और मरीजों के बेड पर उछल-कूद करता है, लेकिन उसका व्यवहार तब पूरी तरह बदल जाता है जब किसी मरीज की मृत्यु करीब होती है। जिस मरीज की मौत होने वाली होती है, ऑस्कर उसी के बिस्तर के पास जाकर डेरा जमा लेता है और अंत समय तक वहीं बैठा रहता है। अस्पताल के स्टाफ ने कई बार इस चमत्कारिक व्यवहार को परखने की कोशिश की। एक बार जब ऑस्कर को एक मरणासन्न मरीज के कमरे से बाहर निकालने की कोशिश की गई, तो वह दरवाजा पीटता रहा और चिल्लाने लगा। जैसे ही दरवाजा खुला, वह तुरंत उसी गंभीर मरीज के पास जाकर बैठ गया। कई बार तो ऑस्कर की भविष्यवाणी के आगे डॉक्टरों के चिकित्सा अनुमान भी फेल हो गए। एक मामले में ऑस्कर उस मरीज के पास जाकर बैठ गया जिसकी स्थिति स्थिर लग रही थी, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उस मरीज की मृत्यु हो गई। ऑस्कर की इस क्षमता पर भरोसा करते हुए अब अस्पताल प्रबंधन उन मरीजों के परिजनों को समय रहते सूचित कर देता है, ताकि वे अपने प्रियजन के अंतिम क्षणों में उनके साथ रह सकें। वैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखा जाए तो विशेषज्ञों का मानना है कि जानवरों में इंसानी शरीर के भीतर होने वाले रासायनिक और जैविक परिवर्तनों को सूंघने की तीव्र क्षमता होती है। जब कोई व्यक्ति मृत्यु के करीब होता है, तो उसके मेटाबॉलिज्म और शरीर के तापमान में खास बदलाव आते हैं, जिन्हें ऑस्कर जैसा संवेदनशील जीव आसानी से महसूस कर लेता है। कारण जो भी हो, लेकिन ऑस्कर की यह जादुई शक्ति आज भी विज्ञान और चिकित्सा जगत के लिए एक अनसुलझी पहेली बनी हुई है। वीरेंद्र/ईएमएस 03 मई 2026