लेख
03-May-2026
...


30 अप्रैल को शाम लगभग 5-5:45 बजे के लगभग मध्य प्रदेश के जबलपुर के पास बरगी डैम (नर्मदा नदी) में हादसा हो गया, यह बहुत ही दुखद घटना है। दरअसल, जैसा कि मीडिया में यह सामने आया है कि एक पर्यटक क्रूज बोट, जिसमें 30-40 के करीब लोग सवार थे, अचानक तेज हवा और उफनती लहरों में फंस गई और मौसम खराब होने के बावजूद बोट पानी की लहरों पर चलती रही और अचानक संतुलन बिगड़ने से पलट गई। उपलब्ध जानकारी के अनुसार इस हादसे में (जबलपुर क्रूज हादसे) के तीसरे दिन मरने वालों की संख्या 10 तक पहुंच गई है और 3 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। हालांकि, अच्छी बात यह है कि इस हादसे में 28 लोगों की जिंदा बचा लिया गया। बहुत ही दुखद है कि इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हुई है।यह हादसा बेहद अचानक हुआ और कुछ ही मिनटों में ही सैर-सपाटा जानलेवा स्थिति में बदल गया। कहते हैं कि जीवन-मरण मनुष्य के हाथ में नहीं है, लेकिन सजगता, बचाव, सतर्कता मनुष्य के हाथ में है। थोड़ी सी लापरवाही कभी कभी बहुत गंभीर साबित होती है।इस हादसे में पलभर में हंसता-खेलता एक परिवार कुछ ही समय में तबाह हो गया। बताया जा रहा है और जो क्रूज हादसे का शिकार हुआ्, वह मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग का था।इस हादसे की एक तस्वीर वायरल है, जिसमें एक मां(मेरिना) अपने 4 साल के बेटे(त्रिशान) को अपने सीने से चिपकाए हुए है,इस तस्वीर ने हर किसी को सदमे में ला दिया, विचलित कर दिया। इस दुर्घटना में दोनों मां-बेटे और बच्चे की नानी की मौत हो गई है।मेरिना की बहन ट्रीजा चौहान एक प्रतिष्ठित न्यूज एजेंसी को यह बताया है कि पहली कॉल(मेरिना से विडियो काल)के दौरान उन्होंने देखा था कि नाव में मौजूद ज्यादातर लोगों ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी, जो एक गंभीर लापरवाही थी। मेरिना के पति प्रदीप ने बताया कि अचानक आई तेज हवाओं से बोट बुरी तरह हिलने लगी थी।जब बोट में पानी भरने लगा, तो उन्होंने लाइफ जैकेट निकालने के लिए ताला तोड़ा और उसे पहनकर अपनी बेटी के साथ वहां से निकल गए। उन्होंने देखा कि मेरिना अपने बेटे को बचाने की कोशिश कर रही हैं वह उसे लाइफ जैकेट पहना रही है, लेकिन मेरिना और उसका बेटा नहीं बच पाए। बहरहाल, यदि हम यहां पर हादसे के मुख्य कारणों की बात करें तो (जैसा कि प्रारंभिक जांच में यह पता चला है) खराब मौसम (तेज हवा और ऊंची लहरें), सुरक्षा में भारी लापरवाही(यात्रियों को समय पर लाइफ जैकेट नहीं दी गई),बोट चालक की लापरवाही(जैसा कि यात्रियों और किनारे से चेतावनी मिलने के बावजूद बोट वापस नहीं लाई गई) और क्रू के व्यवहार(जैसा कि कुछ बचे लोगों ने आरोप लगाया कि क्रू ने स्थिति बिगड़ने पर यात्रियों को छोड़ दिया गया) को बताया जा रहा है।कई रिपोर्ट्स में तो यहां तक बात कही गई है कि लाइफ जैकेट बाद में दी गई या उपलब्ध ही नहीं थी। कुछ पुलिस अधिकारियों ने यह बात तक कही है कि टूरिस्ट ऊपर चले गए थे, जिसकी वजह से जहाज में बैलेंस खराब हो गया था। तेज हवा चलने की वजह से टूरिस्ट इधर-उधर भागने लगे उसकी वजह से भी जहाज अनियंत्रित हो गया और उसमें पानी भरने लगा। हालांकि अभी तक आधिकारिक रूप से यह नहीं बताया गया है कि दुर्घटना क्यों और कैसे हुई? शुरुआती जानकारी के अनुसार, मौसम खराब होने के बावजूद क्रूज का संचालन जारी रहा और सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन नहीं किया गया।टूरिस्ट ने बताया कि हवा तेज होने पर उन्होंने क्रूज को किनारे पर ले जाने को कहा, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी और उसे पानी के बीच में ले जाया गया। जानकारी के अनुसार हादसे का पता लगते ही एनडीआरएफ,एसडीआरएफ पुलिस और स्थानीय गोताखोरों द्वारा संयुक्त ऑपरेशन चलाया गया। इतना ही नहीं,स्थानीय लोगों ने भी काफी मदद की। मसलन,कुछ मजदूरों ने मानव श्रृंखला बनाकर कई लोगों की जान बचाई। जानकारी के अनुसार एक 70 वर्षीय व्यक्ति 3 घंटे तक पानी में फंसे रहने के बाद बच गया। हादसे के बाद सवाल उठे कि क्या लाइफ जैकेट अनिवार्य थी? खराब मौसम में क्रूज क्यों चलाया गया? कुछ कर्मचारियों को हटाया गया और जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, यहां यह कहना ग़लत नहीं होगा कि जबलपुर बरगी डैम हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा पूरी,सघन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वास्तव में, ऐसे मामलों में प्रारंभिक जानकारी अक्सर अधूरी या भ्रामक हो सकती है, इसलिए तकनीकी जांच, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और प्रशासनिक रिपोर्ट बेहद महत्वपूर्ण होती हैं। हादसे के पीछे लापरवाही, सुरक्षा मानकों की अनदेखी या प्राकृतिक कारण-इन सभी पहलुओं की गहराई से जांच आवश्यक है। निष्पक्ष और विस्तृत जांच से ही सच्चाई सामने आएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जा सकेंगे। हाल फिलहाल, जलाशयों, बांधों, झीलों में डूबने के हादसे चिंतनीय हैं, प्रशासन को इस तरह की घटनाओं, हादसों पर गंभीरता से सुरक्षा प्रबंधों पर विचार करना होगा और उन्हें समय रहते अमल में लाना होगा। वास्तव में जलाशयों, नदियों, बांधों और झीलों में सुरक्षा प्रबंधन सुनिश्चित करना आज अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि ये जलस्रोत जीवन, सिंचाई और ऊर्जा के प्रमुख आधार हैं। इसके लिए बहुस्तरीय उपाय अपनाने की जरूरत है। सबसे पहले, बांधों और जलाशयों की नियमित तकनीकी जांच, संरचनात्मक मजबूती और जलस्तर की सतत निगरानी सुनिश्चित की जानी चाहिए। आधुनिक तकनीकों जैसे सेंसर, ड्रोन और रियल-टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम का उपयोग जोखिमों का समय रहते पता लगाने में सहायक होता है।दूसरे, जलस्रोतों के आसपास सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य किया जाए-जैसे चेतावनी संकेत, बैरिकेडिंग, और खतरनाक क्षेत्रों में प्रवेश पर नियंत्रण। तीसरे, आपदा प्रबंधन की ठोस योजना तैयार होनी चाहिए, जिसमें बाढ़ या बांध टूटने जैसी आपात स्थितियों के लिए त्वरित चेतावनी प्रणाली और बचाव दल की उपलब्धता शामिल हो। इतना ही नहीं, जलाशयों, नदियों, बांधों और झीलों में सुरक्षा प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए लाइफ जैकेट जैसे उपकरणों का उपयोग अत्यंत आवश्यक है। नाव या जल गतिविधियों के दौरान प्रत्येक व्यक्ति के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य होना चाहिए, साथ ही लाइफ बॉय, रस्सियां और बचाव उपकरण भी उपलब्ध रहने चाहिए। इसके साथ ही सुरक्षा नियमों का पालन, चेतावनी संकेत और लोगों में जागरूकता बढ़ाना जरूरी है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जान-माल की हानि को कम किया जा सके। इसके अतिरिक्त, स्थानीय समुदाय की जागरूकता और सहभागिता भी बेहद महत्वपूर्ण है। लोगों को जलस्रोतों के खतरों और सुरक्षा नियमों के प्रति शिक्षित करना चाहिए। अंततः, सरकार, प्रशासन और नागरिकों के समन्वित प्रयासों से ही जलस्रोतों में प्रभावी और स्थायी सुरक्षा प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सकता है। बहरहाल , यहां यह कहना ग़लत नहीं होगा कि जबलपुर क्रूज हादसा केवल एक प्राकृतिक दुर्घटना नहीं, बल्कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी और लापरवाही का परिणाम माना जा रहा है।अगर समय पर लाइफ जैकेट और सावधानी बरती जाती, तो कई जानें बच सकती थीं। (सुनील कुमार महला, फ्रीलांस राइटर, कॉलमिस्ट व युवा साहित्यकार, पिथौरागढ़, उत्तराखंड।) ईएमएस / 03 मई 26