राज्य
03-May-2026


जयपुर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने की दिशा में नगरीय विकास एवं आवासन विभाग निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में राज्य के शहरी विकास को नई दिशा प्रदान करने के साथ ही भविष्य के शहरों को अधिक सक्षम, संतुलित एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा इन दिनों डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन के अध्ययन दौरे पर हैं। 1 मई से 10 मई 2026 तक जारी इस उच्च स्तरीय यात्रा में विभागीय अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल भी शामिल है।यह दौरा राज्य में शहरी विकास के आधुनिक, टिकाऊ एवं वैश्विक मानकों पर आधारित मॉडल्स को आत्मसात करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यात्रा के दौरान सतत शहरी विकास, समग्र जल संसाधन नियोजन तथा जलवायु अनुकूलन जैसे विषयों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया जा रहा है। दौरे के तहत एकीकृत शहरी जल संसाधन प्रबंधन, ऊर्जा दक्षता, सीवेज एवं सेप्टेज के वैज्ञानिक प्रबंधन एवं उपचार से जुड़े अंतरराष्ट्रीय सर्वोत्तम अभ्यासों का अध्ययन किया जा रहा है। साथ ही, शहरों में निर्माण हेतु नदी पुनर्जीवन, ‘ब्लू-ग्रीन’ इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे नवाचारों तथा संबंधित नीतिगत एवं विनियामक ढांचों पर भी गहन मंथन किया जाएगा । अशोक शर्मा/ 4:30 बजे/ 3 मई 2026