कोरबा (ईएमएस) सिर्फ रू 1 में ठंडा पानी देने वाली योजना के अंतर्गत विगत वर्षों में नगर पालिक निगम के द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बस स्टैंड में स्थापित किया गया वाटर एटीएम इस मौसम में सूखा पड़ा हैं। लोगों को यहां से पानी की सुविधा नहीं मिल पा रही है। स्थानीय व्यवसाईयों और यात्रियों ने बताया कि कई दिनों से वाटर एटीएम पानी नहीं दे रहा है। अपनी जरूरत के लिए लोग इस वाटर एटीएम तक पहुंचते हैं और पानी की आस में टोटी का इस्तेमाल करते हैं लेकिन उन्हें पता चलता है कि इसमें पानी नहीं है। नगर निगम के द्वारा पिछले वर्षों में लाखों रुपए ऐसे कई वाटर एटीएम की स्थापना के लिए खर्च किए गए थे। औपचारिक रूप से कुछ दिनों तक इनका संचालन हुआ और फिर तकनीकी खराबी के बाद यह बंद हो गए। लोगों का कहना है कि कम से कम गर्मी के मौसम में आम जनता को सुविधा देने की इरादे से इनका सुधार कर लिया जाना चाहिए। ऐसा होने से सहूलियत मिलेगी और योजना को सार्थक किया जा सकेगा। 03 मई / मित्तल