राज्य
03-May-2026


मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र शिक्षा बोर्ड के 10वीं के परिणाम का इंतजार जारी है, इसी बीच 11वीं कक्षा की प्रवेश प्रक्रिया को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। छात्रों को किसी भी प्रकार की परेशानी से बचाने के लिए माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा संचालनालय ने पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। यह समयसीमा अब 10वीं के परिणाम घोषित होने तक बढ़ाई गई है। इससे छात्रों को अपना आवेदन का पहला भाग परिणाम आने तक भरने की सुविधा मिलेगी। इस वर्ष 11वीं प्रवेश प्रक्रिया को अधिक सरल और पारदर्शी बनाने के लिए 10 अप्रैल से ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल शुरू किया गया था। पहले इसकी अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई थी, लेकिन कई छात्र अभी भी परिणाम का इंतजार कर रहे थे, जिससे उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए समयसीमा बढ़ाने का निर्णय लिया गया। बताया गया है कि अब तक 6 लाख 97 हजार से अधिक छात्रों ने पंजीकरण पूरा कर लिया है, जो एक बड़ा आंकड़ा माना जा रहा है। छात्रों को आवेदन का ‘भाग 1’ भरना है, जिसमें व्यक्तिगत जानकारी देनी होती है, जैसे आधार नंबर, स्कूल की जानकारी, जन्मतिथि आदि। यह प्रक्रिया पूरी करने के बाद अगले चरण में छात्रों को कॉलेज चुनने और प्राथमिकता देने का अवसर मिलेगा। हालांकि, आवेदन का ‘भाग 2’ 10वीं का परिणाम घोषित होने के बाद ही शुरू होगा। इस चरण में छात्र कॉलेज का चयन कर सकेंगे। प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट (योग्यता) के आधार पर होगी और किसी भी प्रकार का ऑफलाइन प्रवेश नहीं दिया जाएगा। राज्य बोर्ड से संबद्ध सभी जूनियर कॉलेजों के लिए ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। यदि छात्र अन्य बोर्ड के स्कूलों में प्रवेश लेना चाहते हैं, तो उन्हें संबंधित संस्थानों से सीधे संपर्क करना होगा। वहीं, अन्य बोर्ड से 10वीं पास करने वाले छात्र यदि राज्य बोर्ड के कॉलेज में प्रवेश लेना चाहते हैं, तो उन्हें भी ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रवेश प्रक्रिया तब तक जारी रहेगी जब तक अंतिम पात्र छात्र को प्रवेश नहीं मिल जाता। इसलिए छात्रों को समय पर पंजीकरण करके आगे की प्रक्रिया के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है। संजय/संतोष झा- ०३ मई/२०२६/ईएमएस