कम्पलेट दर्ज नहीं हो रही, अधिकारियों के नहीं उठते फोन जबलपुर (ईएमएस)। शहर में विद्युत की बार बार हो रही ट्रिपिंग और भीषण गर्मी के दौर में जनता की समस्याओं के प्रति विद्युत विभाग द्वारा बर्ती जा रही लापरवाही से अब हिंसक घटनाएं सामने आने लगी हैं. दरअसल बिना सूचना के घंटों घंटों बिजली गोल रहती है, 1912 काल सेंटर से लेकर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के फोन रिसीव नहीं होते लिहाजा आक्रोशित होकर लोग हिंसक हो रहे हैं. ऐसी ही दो घटनाएं बीते 24 घंटे के दौरान सामने आई. कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित उखरी विद्युत सबस्टेशन में कल देर रात तक बिजली गोल रहने पर 15 20 लोगों ने सबस्टेशन मे घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की और पूरा फीडर बंद कर दिया. जिससे करीब 10 हजार उपभोक्ता प्रभावित हुये. इसी तरह माढ़ोताल थाना क्षेत्र के विद्युत सब स्टेशन में भी दबंगों ने घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की और कार्यालय में तोड़फोड़ कर दी। बताया जा रहा है कि बीते 3 दिनों से मौसम की खराबी के बाद विद्युत व्यवस्था पूरी तरह से ठप्प हो गई है. कभी मेंटिनेंस के नाम पर कभी आंधी तूफान के नाम पर बिजली गोल हो जाती है. हालात यह है कि कंपलेंट ही दर्ज नहीं होती, सुधारकार्य दूर की बात. काल सेंटर 1912 का नम्बर का नम्बर पिछले 4 दिनों से नो रिस्पांस कर रहा है. तो वहीं दूसरी ओर संबंधित जेई एई डीई और एसई तक के फोन नहीं उठते. विभागीय अधिकारियों के फोन नहीं उठने से लोगों का आक्राश भड़क रहा है. उपभोक्ता सेवा संतुष्टि के झूठे दावे किये जा रहे हैं. वसूली के लिये जब देर रात तक अधिकारी मैदान में उतर सकते हैं तो विद्युत व्यवधान को सुधारने के लिये क्यों नहीं आगे आ रहे. इसको लेकर सरकार की क्षवि पर भी प्रतिकूल असर पर पड़ रहा है. उखरी सब स्टेशन में मारपीट....... कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित उखरी विद्युत उपकेन्द्र में देर रात अज्ञात लोगों ने घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की और जबरन फीडर बंद कर दिया, जिससे करीब 10 हजार उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शताब्दीपुरम निवासी नारायण प्रसाद कोष्टा कल रात 12 बजे विद्युत सब स्टेशन में ड्यूटी पर थे। उसी दौरान बिजली गोल होने की समस्या से त्रस्त करीब 15-20 लोग गेट कूदकर अंदर घुस आए और गालीगलौज करते हुए मारपीट करने लगे। आरोपियों ने कंट्रोल पैनल से फीडर बंद कर दिया, जिससे बिजली करीब 20 मिनट तक बाधित रही। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 191(2), 132, 221 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। माढोताल सबस्टेशन में तोड़फोड़....... माढ़ोताल थाना क्षेत्र के विद्युत सब स्टेशन में दबंगों ने घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की और कार्यालय में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सहायक अभियंता संतोष कुमार पुर्ते कार्यालय में थे. बिजली सुधार कार्य के दौरान कुछ लोग सब स्टेशन में घुस आए और कर्मचारियों से विवाद करते हुए मारपीट करने लगे। आरोपियों ने डंडों से हमला कर ऑपरेटर को घायल कर दिया और कंप्यूटर व अन्य सामान तोड़ दिया। बीच बचाव करने वालों के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296ए, 115(2), 351(3), 191(2), 191(3), 221, 132, 324(4), 140(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। सुनील / शहबाज/ 03 मई 2026/ 07.00