इन्दौर (ईएमएस) युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला आज़ 4 मई 2026 को पोलोग्राउंड स्थित जिला रोजगार कार्यालय परिसर (जिला उद्योग केन्द्र परिसर) इंदौर में प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। रोजगार मेले में युवाओं को रोजगार के अवसरों के साथ-साथ स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करने हेतु ऋण प्रक्रिया एवं स्वरोजगार योजनाओं संबंधी मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा। रोजगार मेले में डिजिटल मार्केटिंग, क्वालिटी इंजीनियर, बैक ऑफिस, कम्प्यूटर ऑपरेटर, सेल्स, बीपीओ, लोडर सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, फिटर, टर्नर, मशीनिस्ट, वेल्डर आदि विभिन्न पदों हेतु आकर्षक वेतनमान पर रोजगार के अवसर उपलब्ध रहेंगे। कंपनियों के प्रतिनिधि आवेदकों के साक्षात्कार लेकर प्रारंभिक चयन की प्रक्रिया संपादित करेंगे। मेले में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे आवेदक भाग ले सकेंगे, जिन्होंने आठवीं, हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी, स्नातक अथवा स्नातकोत्तर तक की शिक्षा प्राप्त की हो। साथ ही आईटीआई, डिप्लोमा एवं अन्य तकनीकी योग्यताधारी अभ्यर्थी भी अपनी योग्यता अनुसार रोजगार प्राप्त करने के लिए मेले में सम्मिलित हो सकते हैं। मेले में LBG Steel, Distil Education, Dee Tee Industries, ITL Industries, Mosaic Pvt. Ltd., Coderwing तथा Digi Reacts Pvt. Ltd. सहित अन्य कंपनियां शामिल होंगी। इन कंपनियों द्वारा 300 से अधिक रिक्त पदों पर प्रारंभिक चयन किया जाएगा। रोजगार मेले में भाग लेने वाले आवेदकों से आग्रह किया गया है कि वे अपने समस्त शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बायोडाटा की प्रतियां, आधार कार्ड तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की छायाप्रतियां साथ लेकर उपस्थित हों, ताकि चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो। आनंद पुरोहित/ 03 मई 2026