राज्य
03-May-2026


:: एमरल्ड समूह की मेजबानी में 10 मई को सबसे बड़ी कार रैली, नेहरू स्टेडियम से होगा शंखनाद :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर में पहली बार मदर्स डे के उपलक्ष्य में महिलाओं के लिए अब तक की सबसे बड़ी और विशिष्ट कार रैली “मदर इंडिया–शक्ति ऑन व्हील्स” का आयोजन होने जा रहा है। आगामी 10 मई को आयोजित होने वाली यह रैली न केवल महिला सशक्तिकरण का प्रतीक होगी, बल्कि जल संरक्षण, स्वच्छता और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता का बड़ा संदेश भी देगी। शहर के प्रतिष्ठित एमरल्ड समूह की मेजबानी में होने वाला यह गौरवमयी आयोजन नेहरू स्टेडियम से प्रारंभ होकर फिनिक्स सिटाडेल मॉल पर संपन्न होगा। रैली संयोजक किशोर गोयल एवं रजनी खेतान ने बताया कि समाजसेवी विनोद अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं की समान सहभागिता और उनकी शक्ति को प्रदर्शित करना है। इस आयोजन की विशेषता यह है कि प्रतिभागी महिलाएं अपने वाहनों पर पर्यावरण संरक्षण, मूक परिंदों की सेवा, अनुशासन और यातायात अनुशासन से जुड़े स्लोगन व पोस्टर लगाकर शहरवासियों को ज्वलंत मुद्दों के प्रति जागरूक करेंगी। आयोजन केवल एक रैली मात्र नहीं होकर महिलाओं के सम्मान और सामाजिक समानता का भी प्रतीक बनेगा। :: नेहरू स्टेडियम से फिनिक्स मॉल तक का सफर :: रैली का शुभारंभ रविवार 10 मई को सुबह 7:30 बजे नेहरू स्टेडियम से होगा। यहाँ से महिला शक्ति का यह कारवां मधुमिलन चौराहा, नेहरू प्रतिमा, रीगल चौराहा, पलासिया, विजय नगर और रेडिसन चौराहा होते हुए बायपास स्थित फिनिक्स मॉल पहुंचेगा। रैली के समापन स्थल पर मदर्स डे के उपलक्ष्य में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया है, जहाँ सभी प्रतिभागियों के लिए आकर्षक उपहार और दोपहर के स्नेह भोज की उत्तम व्यवस्था रखी गई है। :: लाइसेंस अनिवार्य, बंधन कोई नहीं :: इस अनूठी रैली में भाग लेने के लिए उम्र अथवा जाति का कोई बंधन नहीं रखा गया है, हालांकि वाहन चलाने वाली महिला के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है। प्रतिभागी महिलाओं को यह विशेष छूट दी गई है कि वे अपनी महिला रिश्तेदारों जैसे सास-बहू, ननद-जेठानी या अपनी महिला मित्रों को इस सफर में सह-यात्री के तौर पर साथ ले जा सकेंगी। आयोजन के सुचारू संचालन के लिए गठित 11 सदस्यीय समिति में आरती मेहरा, स्वर्णा झंवर और शारदा उपाध्याय सहित अनेक वरिष्ठ सदस्य व्यवस्थाओं की कमान संभाल रहे हैं। :: पंजीयन पहले आएं-पहले पाएं :: रैली में शामिल होने के लिए पहले आएं-पहले पाएं के आधार पर सीमित प्रविष्टियां रखी गई हैं। इच्छुक प्रतिभागी महिलाएं ऑनलाइन लिंक के माध्यम से अपना स्थान सुरक्षित कर सकती हैं। पंजीयन की अंतिम तिथि 8 मई निर्धारित की गई है। अधिक जानकारी और भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रजनी खेतान अथवा किशोर गोयल के मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। शहर में पहली बार होने वाले इस आयोजन को लेकर मातृशक्ति में भारी उत्साह देखा जा रहा है। प्रकाश/03 मई 2026