:: विश्व हास्य दिवस : राजमोहल्ला गार्डन में 20 हास्य क्लबों के सदस्यों ने बिखेरे मुस्कान के रंग, बांटे सकोरे :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में रविवार की सुबह तनाव और चिंताओं को ठहाकों में उड़ाने वाली रही। विश्व हास्य दिवस के उपलक्ष्य में नॉर्थ राजमोहल्ला स्थित गार्डन पर आयोजित रंगारंग समारोह में सैकड़ों लोगों ने एक साथ अट्टहास कर यह संदेश दिया कि हंसी ही सबसे अच्छी दवा है। विश्व हास्य योग महासंघ एवं भैयाजी हास्य योग ग्रुप के इस संयुक्त आयोजन में शहर के 20 अलग-अलग हास्य क्लबों के पुरुष, महिला और युवाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। ढाई घंटे तक चले इस कार्यक्रम में हंसी-मजाक का ऐसा दौर चला कि हर कोई लोटपोट हो गया। किसी ने अपनी अनूठी भाव-भंगिमाओं से गुदगुदाया, तो किसी ने लतीफों, चुटकुलों और हास्य कविताओं के माध्यम से ठहाके लगवाए। मुख्य अतिथि हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. भरत रावत एवं महासंघ के संस्थापक अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि हास्य योग न केवल मन को प्रसन्न रखता है, बल्कि हृदय को भी स्वस्थ और तंदरुस्त बनाए रखने में सहायक है। :: सेवा और संकल्प का अनूठा संगम :: हास्य के इस महाकुंभ में केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकार भी दिखा। उपस्थित सदस्यों ने संकल्प लिया कि वे भीषण ग्रीष्मकाल में मूक परिंदों के लिए दाना-पानी (सकोरे) रखेंगे। इसके साथ ही गौमाता की सेवा, पर्यावरण संरक्षण और यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करने की शपथ भी ली गई। सदस्यों ने खुद के साथ अपने परिवार और मित्रों को भी हमेशा खुशमिजाज बनाए रखने का संकल्प दोहराया। :: इन्होंने दी शानदार प्रस्तुतियां :: हास्य की इस महफिल में कमलेश मारू, डॉ. गरिमा ऐरन, उज्जवल स्वामी, सुनीता कुमावत (मालवी काकी) और तारा मालू जैसे फनकारों ने अपनी रोचक और दिलचस्प प्रस्तुतियों से सभी को हंसने पर मजबूर कर दिया। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को मंच से पुरस्कृत भी किया गया। आयोजन में साकेत, मनपसंद, अहिल्या कॉलोनी, फूटी कोठी और कृष्णपुरा छत्री जैसे प्रमुख हास्य अड्डों की सक्रिय भागीदारी रही। :: सकोरों का वितरण :: कार्यक्रम के अंत में मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए परिंदों की सेवा के लिए मिट्टी के सकोरे भी भेंट किए गए। अतिथियों का स्वागत पंकज सराफ, राकेश व्यास और किरण शर्मा ने किया। आयोजन का सफल संचालन घनश्याम मित्तल व कैलाश खंडेलवाल ने किया तथा आभार नंदकिशोर व्यास ने माना। प्रकाश/03 मई 2026