राज्य
03-May-2026
...


:: द्वारकापुरी जैन मंदिर के 25वें ध्वजारोहण उत्सव का मंगल आगाज, बैंड-बाजों के साथ निकला भव्य जुलूस :: इंदौर (ईएमएस)। मनुष्य जीवन बार-बार नहीं मिलता, इसे केवल वस्तुओं के संग्रह में व्यर्थ न गंवाएं। जब तक परमात्मा के साथ हमारा कनेक्शन (जुड़ाव) मजबूत नहीं होगा, तब तक जीवन की त्रुटियों में करेक्शन (सुधार) संभव नहीं है। हमें अपनी प्रवृत्तियों को बदलना होगा ताकि हम व्यर्थ के भौतिक संग्रह के बजाय श्रेष्ठ विचारों और सद्गुणों का कलेक्शन कर सकें। यह प्रेरक विचार प.पू. पंयास प्रवर योगरुचि विजय म.सा. ने रविवार को द्वारकापुरी स्थित शीतलनाथ श्वेताम्बर जैन मंदिर के 25वें ध्वजारोहण महोत्सव के शुभारंभ पर आयोजित धर्मसभा में व्यक्त किए। धर्मसभा में प.पू. वर्धमान तपोनिधि प्रियदर्शन विजय म.सा. एवं नंदीरूचि विजय म.सा. आदिठाणा की पावन निश्रा भी प्राप्त हुई। मुनिश्री ने कहा कि सत्य, अहिंसा और अपरिग्रह जैसे गुण तभी जीवन में उतरेंगे जब हमारा समर्पण ईश्वर के प्रति सार्थक होगा। :: केसरिया रंग में रंगा द्वारकापुरी क्षेत्र :: इससे पूर्व, महोत्सव का शुभारंभ सुदामा नगर स्थित सेठी गेट से भव्य मंगल प्रवेश जुलूस के साथ हुआ। बैंड-बाजों की मधुर स्वर लहरियों और जयकारों के साथ निकले इस जुलूस में समाजजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूरे मार्ग को आकर्षक रंगोली और रंग-बिरंगी पताकाओं से सजाया गया था। मार्ग में अनेक स्थानों पर समाजजनों ने गुरुदेव का पाद प्रक्षालन व पूजन किया। सांसद शंकर लालवानी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने जुलूस में शामिल होकर गुरुदेव का आशीर्वाद लिया। मंदिर पहुँचने पर ट्रस्ट अध्यक्ष संजय नाहर, उपाध्यक्ष सुशील कुकड़ा व सचिव चेतन भंडारी ने समाज बंधुओं की अगवानी की। :: एलईडी पर होंगे 68 तीर्थों के दर्शन :: ट्रस्ट के अमृत मूणत व विनोद कोठारी ने बताया कि छह दिवसीय महोत्सव में भक्ति और आराधना के कई रंग देखने को मिलेंगे। सोमवार, 4 मई को सुबह स्नात्र महापूजा एवं दोपहर में वीररत्न आराधना धाम पर महाचौबीसी होगी। 5 मई को सुबह 7.30 बजे नवकार महामंत्र के 68 अक्षरों पर आधारित 68 तीर्थों की भावयात्रा एलईडी के माध्यम से कराई जाएगी। 8 मई को महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम होगा, जब विधिकर्ता आशीष जैन (जावरा) के निर्देशन में मंदिर के शिखर पर 25वां ध्वजारोहण किया जाएगा। :: इन्होंने लिया धर्म लाभ :: महोत्सव के दौरान पोरवाल परिवार, नाहर परिवार, लुणावत और चतर परिवार सहित अनेक परिवार विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के लाभार्थी बने हैं। आयोजन को सुचारू बनाने के लिए शीतलनाथ महिला मंडल, वीरमणि युवामित्र मंडल और सामायिक मंडल के कार्यकर्ता अपनी सेवाएं दे रहे हैं। महोत्सव के मुख्य लाभार्थी अरुण-संध्या पोरवाल परिवार होंगे। प्रकाश/03 मई 2026