:: 51 विद्वानों के निर्देशन में समर्पित होंगी 11 लाख आहुतियाँ :: इंदौर (ईएमएस)। हवा बंगला, कैट रोड स्थित हरिधाम आश्रम पर भक्ति और शक्ति का अनूठा समागम होने जा रहा है। यहाँ 22 मई से पंचकुंडीय श्रीहनुमत महायज्ञ, श्रीराम कथा एवं विशाल भंडारे का दिव्य अनुष्ठान आयोजित होगा। रविवार को आश्रम के महंत शुकदेव दास महाराज के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार और जयघोष के बीच यज्ञशाला के लिए भूमि पूजन की रस्म संपन्न हुई। भूमि पूजन में यजमान समूह की ओर से ललित अग्रवाल, सीताराम नरेडी, ओमप्रकाश अग्रवाल एवं विजय सिंह राणा ने मंडल पूजन किया। इस अवसर पर महंत शुकदेव दास एवं यजमानों ने गेती चलाकर 45x45 क्षेत्र में बनने वाली भव्य यज्ञशाला की आधारशिला रखी। न्यास के प्रमुख ट्रस्टी विष्णु बिंदल, टीकमचंद गर्ग एवं दिनेश मित्तल ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में आयोजित इस यज्ञ में 51 वैदिक विद्वान प्रतिदिन सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक आहुतियाँ देंगे। :: महामंत्र से गूंजेगा आश्रम परिसर :: इस महायज्ञ की विशिष्टता इसमें दी जाने वाली 11 लाख आहुतियाँ हैं, जो कवन सो काज कठिन जग माही, जो नहीं होइ तात तुम पाहीं महामंत्र के साथ समर्पित की जाएंगी। अनुष्ठान का उद्देश्य राष्ट्र और समाज में सुख-शांति एवं सद्भाव की स्थापना करना है। महायज्ञ के यजमानों को विशेष रूप से अभिमंत्रित किए गए श्रीयंत्र भी भेंट किए जाएंगे। :: पुखराज पैलेस से निकलेगी कलश यात्रा :: आयोजन के तहत 22 मई को दोपहर 4 बजे फूटी कोठी स्थित पुखराज पैलेस से हरिधाम तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके अगले दिन, 23 मई से वृन्दावन के विख्यात कथाकार पं. श्रीराम प्रपन्नाचार्य महाराज के श्रीमुख से संगीतमय श्रीराम कथा का प्रवाह होगा। कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक रहेगा। 29 मई को महायज्ञ की पूर्णाहुति के पश्चात विशाल भंडारे के साथ इस दिव्य अनुष्ठान का समापन होगा। इस महोत्सव में शहर सहित आसपास के 25 गाँवों के श्रद्धालु भी सम्मिलित होंगे। प्रकाश/03 मई 2026