राज्य
03-May-2026


पटना, (ईएमएस)। बिहार की राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र स्थित लालबाग में घर में घुसकर सो रहे दंपति पर हुए हमले में 30 वर्षीय मोहम्मद नवाज आलम की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी नाजिया परवीन गंभीर रूप से घायल हैं और पीएमसीएच में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही हैं। इस सनसनीखेज वारदात के विरोध में लोगों ने शनिवार शाम अशोक राजपथ पर शव रखकर आगजनी और सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। घटना 2 मई की अहले सुबह की है, जब अज्ञात हमलावर ने तीसरी मंजिल पर स्थित कमरे में घुसकर धारदार हथियार से दंपति पर हमला कर दिया। दोनों को तत्काल पीएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने नवाज आलम को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी का इलाज जारी है। इस बीच पटना सेंट्रल की एसपी दीक्षा ने पत्रकारों को बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी, जो एक नाबालिग है, को अंशुचक स्थित उसके मौसा के घर से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है। जांच में एक और नाबालिग की संलिप्तता सामने आई है, जिसे भी हिरासत में लिया गया है। दोनों से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रेम प्रसंग और विवाद बना कारणपुलिस के अनुसार, आरोपी पीड़िता के रिश्तेदार की लड़की का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश करता था। दोनों एक ही कॉलेज में पढ़ते थे, लेकिन हाल के दिनों में बातचीत बंद हो गई थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। परिजनों का आरोप: पहले भी कर चुका था परेशानमृतक के बड़े भाई ने बताया कि आरोपी उनकी बेटी को स्कूल आते-जाते परेशान करता था। एक दिन पहले उसने घर पर पत्थर भी फेंका था, जिसे समझाने के बाद भी उसने यह कदम उठा लिया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने अशोक राजपथ को जाम कर आगजनी की और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी व कड़ी सजा की मांग की। लोगों का कहना था कि राजधानी में इस तरह की घटना चिंता का विषय है और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाई जाएगी। संतोष झा- ०३ मई/२०२६/ईएमएस