:: निनोरा टोल के पास 900 पेटी बियर से भरा ट्रक धराया, इंदौर में कार से मिली अंग्रेजी शराब :: इंदौर/उज्जैन (ईएमएस)। प्रदेश में अवैध शराब के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने इंदौर और उज्जैन में बड़ी सफलता हासिल की है। दो अलग-अलग कार्यवाहियों में पुलिस ने करीब 1 करोड़ 5 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब, बियर और परिवहन में प्रयुक्त वाहन जब्त किए हैं। सबसे बड़ी कार्रवाई उज्जैन के नानाखेड़ा क्षेत्र में हुई, जहां करोड़ों का माल बरामद किया गया। उज्जैन पुलिस ने निनोरा टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर एक ट्रक को रोका, जिसकी तलाशी लेने पर पुलिस की आंखें फटी रह गईं। ट्रक में अवैध रूप से ले जाई जा रही 900 पेटी बियर (21,600 केन) भरी हुई थी। जब्त बियर की कीमत 45 लाख और ट्रक की कीमत करीब 55 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसी तरह इंदौर में भी पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार को रोककर 43 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसकी बाजार मूल्य करीब 5 लाख रुपये है। पुलिस अब इन शराब खेपों के मुख्य स्रोत और नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है। प्रकाश/03 मई 2026