राज्य
03-May-2026


:: मुख्यमंत्री डॉ. यादव करेंगे शुभारंभ, 20 हजार से अधिक दुग्ध उत्पादक होंगे शामिल :: ग्वालियर/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को ग्वालियर के मेला ग्राउंड में राज्य स्तरीय दुग्ध उत्पादक एवं पशुपालक सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। कृषक कल्याण वर्ष-2026 के अंतर्गत आयोजित इस विशाल समागम में प्रदेशभर से 20 हजार से अधिक पशुपालक, दुग्ध उत्पादक और सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि जुटेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विभिन्न विभागीय योजनाओं के हितग्राहियों को स्वीकृति प्रमाण-पत्र भी वितरित करेंगे। मध्यप्रदेश को देश की मिल्क कैपिटल (दुग्ध राजधानी) बनाने के लक्ष्य के साथ सरकार लगातार नवाचार कर रही है। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य उन्नत पशुपालन को बढ़ावा देना और सहकारिता के माध्यम से दुग्ध उत्पादकों की आय में वृद्धि करना है। कार्यक्रम में पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। :: अनुभव साझा करेंगे मैत्री कार्यकर्ता व सरपंच :: सम्मेलन के दौरान मैत्री कार्यकर्ता, क्षीरधारा ग्रामों के सरपंच और सहकारी दुग्ध समितियों के सदस्य मुख्यमंत्री के साथ अपने जमीनी अनुभव साझा करेंगे। आयोजन स्थल पर पशुपालन विभाग द्वारा आधुनिक डेयरी तकनीकों और सरकारी योजनाओं पर आधारित एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। शासन का मानना है कि पशुपालकों की आर्थिक मजबूती ही प्रदेश के समग्र विकास का आधार बनेगी। प्रकाश/03 मई 2026