नई दिल्ली (ईएमएस)। विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे 4 मई को सुबह 8 बजे से घोषित होंगे और राजनीतिक दृष्टि से यह दिन बेहद अहम माना जा रहा है। 30 सीटों वाली इस विधानसभा में मुख्य मुकाबला एनडीए और कांग्रेस नीत गठबंधन के बीच है। एनडीए में ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस , बीजेपी, AIADMK और एलजेके शामिल हैं, जबकि कांग्रेस को DMK का समर्थन प्राप्त है। इसके अलावा अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके भी चुनावी मैदान में है। इस बार पुडुचेरी में 9 अप्रैल को हुए मतदान में लगभग 89.87% वोटिंग दर्ज की गई, जो काफी उत्साहजनक रही। खास बात यह रही कि थर्ड जेंडर मतदाताओं की भागीदारी सबसे अधिक रही और उनका मतदान प्रतिशत 91.81% तक पहुंचा। कुल मिलाकर 9 लाख से ज्यादा मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। एग्जिट पोल के अनुसार मुकाबला दिलचस्प रहने वाला है, लेकिन झुकाव एनडीए की ओर दिख रहा है। विभिन्न सर्वे एजेंसियों के अनुमान के मुताबिक एनडीए को 15 से 20 सीटें मिल सकती हैं, जिसमें AINRC को सबसे अधिक सीटें मिलने की संभावना है। वहीं कांग्रेस गठबंधन को 10 से 13 सीटों के बीच संतोष करना पड़ सकता है। अन्य दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों को भी कुछ सीटें मिल सकती हैं। पुडुचेरी में कुल 1,099 मतदान केंद्र बनाए गए थे और 294 उम्मीदवार मैदान में थे। अब सबकी निगाहें मतगणना पर टिकी हैं, जो तय करेगी कि एनडीए सत्ता में वापसी करेगा या कांग्रेस गठबंधन बाजी मारकर सरकार बनाएगा। ईएमएस / 03 मई 2026